चाइनीज स्मार्टफोन मेकर Vivo की X200 सीरीज में अगले महीने एक नया मॉडल जुड़ेगा। कंपनी की X200 Ultra के लॉन्च की तैयारी है। इसके साथ ही X200s को भी लाया जा सकता है। इस सीरीज में X200 और X200 Pro शामिल हैं। नया स्मार्टफोन चीन में लॉन्च किया जाएगा।
कंपनी ने Boao Forum for Asia में
X200 Ultra को अप्रैल में लॉन्च करने की पुष्टि की है। हालांकि, इसके लॉन्च की तिथि की जानकारी नहीं दी गई है। इस स्मार्टफोन में इमेजिंग में Vivo की नई टेक्नोलॉजी को शामिल किया जा सकता है। X200 Ultra के साथ X200s को भी लाया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने X200s के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है। Vivo के प्रोडक्ट मैनेजर, Han Boxiao ने चीन के माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Weibo पर एक पोस्ट में इस
स्मार्टफोन के डिजाइन का टीजर दिया है। इससे पहले Boxiao ने X200 Ultra की रियर कैमरा यूनिट को शेयर किया था।
इस स्मार्टफोन में 200 मेगापिक्सल का Samsung HP9 कैमरा हो सकता है। इसके अलावा 50 मेगापिक्सल के दो Sony LYT-818 कैमरा दिए जा सकते हैं। X200 Ultra के फ्रंट में सेल्फी और वीडियो कॉल्स के लिए 50 मेगापिक्सल का कैमरा हो सकता है। हाल ही में टिप्सटर डिजिटल चैट स्टेशन ने Weibo पर एक पोस्ट में X200 Ultra के प्रमुख स्पेसिफिकेशंस और कलर्स का संकेत दिया था। इस स्मार्टफोन में प्रोसेसर के तौर पर Snapdragon 8 Elite मिल सकता है। इस स्मार्टफोन में 2K रिजॉल्यूशन के साथ क्वाड कर्व्ड डिस्प्ले दिया जा सकता है।
इस टिप्स्टर ने बताया था कि X200 Ultra को White, Red और Black कलर्स में उपलब्ध कराया जाएगा। Vivo के X200 को Green और Black और X200 Pro को Grery और Black कलर्स में खरीदा जा सकता है। इस स्मार्टफोन में iPhone के जैसा एक्शन बटन दिया जा सकता है। यह बटन इस स्मार्टफोन के दाएं फ्रेम के निचले हिस्से में हो सकता है। इसका इस्तेमाल फोटो लेने और वीडियो के लिए किया जा सकता है। यह कैमरा बटन के तौर पर फंक्शन कर सकता है। Apple के iPhone 15 Pro और iPhone 16 में एक्शन बटन है जिसका इस्तेमाल कैमरा ऐप को खोलने या DND मोड शुरू करने के लिए किया जा सकता है।