CCPA ने Zepto, BookMyShow, IndiGo और Physics Wallah समेत 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर Dark Patterns अपनाने के आरोप में जुर्माना लगाया है। जानें आखिर Dark Patterns क्या होते हैं और कंपनियों पर क्या कार्रवाई हुई।
Photo Credit: AI Generated
ऑनलाइन शॉपिंग, फ्लाइट टिकट या मूवी टिकट बुक करते समय कई बार ऐसा होता है कि शुरुआत में दिखाई गई कीमत पेमेंट पेज तक पहुंचते-पहुंचते बढ़ जाती है। कभी हैंडलिंग चार्ज जुड़ जाता है, कभी कोई मेंबरशिप अपने आप कार्ट में शामिल हो जाती है, तो कहीं डोनेशन पहले से ही सिलेक्ट मिलता है। सरकार ने अब ऐसी भ्रामक ऑनलाइन तकनीकों, जिन्हें Dark Patterns कहा जाता है, पर कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ऐसे ही मामलों में Zepto, BookMyShow, IndiGo और Physics Wallah समेत कुल 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जुर्माना लगाया है। इसकी जानकारी सरकार ने राज्यसभा में दी।
सरकार के मुताबिक, Zepto पर ग्राहकों को शुरुआत में एक कीमत दिखाई जाती थी, लेकिन बाद में Handling Charges और Membership Fee जोड़ दी जाती थी। CCPA ने इसे ड्रिप प्राइसिंग माना, यानी ऐसी प्राइसिंग जिसमें शुरुआत में पूरी कीमत नहीं बताई जाती। इसके अलावा, मेंबरशिप को अपने आप कार्ट में जोड़ने की प्रक्रिया को बास्केट स्नीकिंग की कैटेगरी में रखा गया। इस मामले में कंपनी पर 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। सरकार के अनुसार, Zepto ने बाद में इस प्रैक्टिस को बंद कर दिया।
BookMyShow पर आरोप था कि टिकट बुकिंग के दौरान BookASmile के लिए 1 रुपये का डोनेशन पहले से ही सिलेक्ट रहता था। अगर यूजर इसे हटाना चाहता था, तो उसे खुद जाकर इसे अनचेक करना पड़ता था। CCPA ने इसे भी बास्केट स्नीकिंग माना।
वहीं, Physics Wallah पर PW Foundation के लिए 10 रुपये का डोनेशन पहले से चुना हुआ मिलने और भावनात्मक संदेशों के जरिए उसे हटाने से हतोत्साहित करने का आरोप लगा। इसके अलावा, रेगुलेटर ने यह भी पाया कि कुछ फ्री कोर्स एक्सेस करने से पहले यूजर्स से जरूरी से ज्यादा पर्सनल जानकारी मांगी जा रही थी। इस मामले में कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। सरकार के मुताबिक, कंपनी ने जुर्माना जमा कर दिया है और संबंधित प्रैक्टिस भी बंद कर दी है।
CCPA ने एयरलाइन IndiGo पर Confirm Shaming नाम की तकनीक इस्तेमाल करने का आरोप (via NDTV) लगाया। कंपनी के ऐप में एक्स्ट्रा ट्रैवल प्रोटेक्शन न लेने पर यूजर को "No, I will take risk" जैसा ऑप्शन दिखाया जाता था। रेगुलेटर के हस्तक्षेप के बाद इसे बदलकर "No, I will not add to the trip" कर दिया गया।
इसके अलावा FirstCry, PharmEasy, McAfee, SpiceJet और Anuj Jindal पर भी अलग-अलग तरह के डार्क पैटर्न अपनाने के आरोप में 1 लाख से 3 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। इनमें छिपे हुए शुल्क, गुमराह करने वाले काउंटडाउन टाइमर, जबरन सब्सक्रिप्शन और भ्रामक रिन्यूअल प्रॉम्प्ट जैसी प्रैक्टिस शामिल थीं।
Dark Patterns ऐसे वेबसाइट या ऐप डिजाइन होते हैं, जिनका उद्देश्य यूजर्स को ऐसी कार्रवाई करने के लिए अफेक्ट करना होता है, जिसे वे सामान्य स्थिति में शायद नहीं चुनते। भारत सरकार ने 2023 में Dark Patterns की रोकथाम और नियमन के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे। इनमें Drip Pricing, Basket Sneaking, Confirm Shaming, Subscription Trap, False Urgency और Trick Questions समेत कुल 13 तरह के डार्क पैटर्न को शामिल किया गया है।
सरकार के अनुसार, इन नियमों के लागू होने के बाद अब तक डार्क पैटर्न से जुड़े मामलों में कंपनियों से करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। इस कार्रवाई का उद्देश्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर ग्राहकों के लिए ज्यादा पारदर्शी और निष्पक्ष अनुभव सुनिश्चित करना है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्राहकों के बिल में चुपके से जोड़ रहे थे एक्स्ट्रा चार्ज! Zepto, BookMyShow समेत 9 कंपनियों पर लगा जुर्माना
Vivo S2 भारत में लॉन्च: 7050mAh बैटरी, 32MP सेल्फी कैमरे के साथ आया नया 5G फोन, जानें कीमत