इस वर्ष Apple Store और Google Play Store का रेवेन्यू 133 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। यह पिछले वर्ष के 111 अरब डॉलर से लगभग 19 प्रतिशत अधिक है। Sensor Tower के अनुमान में बताया गया है कि यह रेवेन्यू iOS और एंड्रॉयड दोनों के माध्यम से की गई इन-ऐप परचेज से जुड़ा है।
हालांकि, Apple App Store का रेवेन्यू Google स्टोर के रेवेन्यू का लगभग दोगुना है। यह एपल स्टोर पर ऐप परचेज और सर्विसेज की ज्यादा प्राइसिंग का संकेत है। Gizmochina में प्रकाशित
रिपोर्ट के अनुसार, सेंसर टॉवर को उम्मीद है कि कन्ज्यूमर स्पेंडिंग से ऐप स्टोर का रिवेन्यू 85.1 बिलियन डॉलर पर होगा, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 17.7 प्रतिशत अधिक है। Google Play Store का रेवेन्यू इस वर्ष लगभग 47.9 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 23.5 प्रतिशत अधिक है।
दोनों स्टोरफ्रंट में सभी तरह की एक्टिविटी से संकेत मिलता है कि इस वर्ष लगभग 2 अरब डॉलर के रेवेन्यू के साथ टिकटॉक सबसे अधिक प्रोडक्टिव ऐप है। टिकटॉक का रिटर्न पिछले वर्ष से परफॉर्मेंस में 67% की बढ़त का संकेत देता है। YouTube ऐप स्टोर और Google Play Store दोनों पर Piccoma, Tinder, और Disney भी अधिक रेवेन्यू हासिल करने वाले ऐप्स में शामिल हैं।
इंस्टॉल किए गए ऐप्स की संख्या में Google Play Store और Apple App Store के बीच 3:1 का अनुपात है। Google Play Store से 111.3 अरब ऐप्स औप एपल ऐप स्टोर से इस साल के लिए 32.3 अरब ऐप्स डाउनलोड हुए।
रेवेन्यू और डाउनलोड संख्या के लिहाज से दोनों ऐप स्टोर ने अच्छी ग्रोथ की है। मोबाइल गेम पर खर्च में तेजी से वृद्धि हुई है। इससे इंटरनेट पर लोगों की मौजूदगी बढ़ने का संकेत मिल रहा है। आने वाले समय में मेटावर्स जैसे वर्चुअल वर्ल्ड के आने के बाद डिजिटल दुनिया में लोगों की रुचि कई गुना तक बढ़ सकती है। हालांकि, अभी इसे पूरी तरह से डिवेलप होने में कई साल लग सकते हैं। ऐप्स और गेमिंग के लिए संभावनाओं के बढ़ने का संकेत मिल रहा है।