WhatsApp में पांच सुरक्षा खामियां मिली हैं। CERT-In ने Android, iOS, Mac और Windows यूजर्स को ऐप अपडेट करने की सलाह दी है।
CERT-In ने WhatsApp की पांच सुरक्षा खामियों को लेकर यूजर्स को सतर्क किया है
Photo Credit: Reuters
WhatsApp इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए सुरक्षा से जुड़ी चेतावनी सामने आई है। भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने मैसेजिंग ऐप में पांच सुरक्षा खामियों को लेकर हाई-सीवियरिटी एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर रिमोट अटैकर डिवाइस में मौजूद संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं, ऐप का डेटा डिलीट कर सकते हैं या कुछ मामलों में डिवाइस पर अपना कोड चला सकते हैं। यह खतरा Android, iOS, Mac और Windows प्लेटफॉर्म पर मौजूद WhatsApp के अलग-अलग वर्जन से जुड़ा है।
CERT-In ने यह एडवाइजरी 26 नवंबर को जारी की थी। इसके मुताबिक, अटैकर्स खास तरह से तैयार किए गए मैसेज, अटैचमेंट या URL भेजकर इन खामियों का फायदा उठा सकते हैं। एजेंसी ने यूजर्स और ऑर्गनाइजेशन को WhatsApp के सभी प्रभावित वर्जन अपडेट करने की सलाह दी है।
CERT-In ने एडवाइजरी में पांच अलग-अलग कमजोरियों की पहचान की है। इनमें CVE-2026-102769 नाम की खामी Android पर भेजे गए खास ‘Order Details' मैसेज से जुड़ी है। अगर यूजर ऐसे मैसेज पर टैप करता है, तो SQL Injection के जरिए फोन में सेव WhatsApp फाइलें डिलीट हो सकती हैं। इससे चैट डेटाबेस से जुड़ी सीमित जानकारी भी सामने आ सकती है।
दूसरी खामी CVE-2026-44908 Meta AI के कंप्यूटिंग सिस्टम में सर्टिफिकेट चेन के गलत वैरिफिकेशन से जुड़ी है। इससे Meta के इंफ्रास्ट्रक्चर के भीतर मौजूद कोई व्यक्ति हार्डवेयर सेफ्टी को बायपास कर सकता है।
तीसरी कमजोरी CVE-2026-23871 Android पर Click to WhatsApp विज्ञापनों के जवाब में इस्तेमाल होने वाले लिंक से जुड़ी है। खास तौर पर तैयार किया गया मैसेज डिवाइस से हैकर के कंट्रोल वाले पते पर मीडिया लोड करवा सकता है, जिससे यूजर का IP एड्रेस सामने आ सकता है। WhatsApp के मुताबिक, कुछ स्पैम मैसेज के जरिए इस खामी का इस्तेमाल हुआ हो सकता है।
बाकी दो खामियों में CVE-2026-23866 Android और iOS पर खास AI-रिच मैसेज के जरिए संदिग्ध URL प्रोसेस करवाने से जुड़ी है। वहीं, CVE-2026-23863 Windows पर भेजे गए ऐसे अटैचमेंट से संबंधित है, जो एक तरह की फाइल दिखता है लेकिन खोलने पर प्रोग्राम की तरह चल सकता है।
CERT-In ने WhatsApp को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करने की सलाह दी है। प्रभावित वर्जन में Android, iOS, Mac और Windows के साथ WhatsApp Business भी शामिल है। यूजर्स Google Play Store, Apple App Store या आधिकारिक WhatsApp वेबसाइट से उपलब्ध अपडेट इंस्टॉल कर सकते हैं। ध्यान दें कि एडवाइजरी में बताई गई सभी खामियों का हैकर्स द्वारा इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एक खामी के कुछ स्पैम मैसेज के जरिए इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई है। इसलिए ऐप को अपडेट रखना जरूरी है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।