WhatsApp एक नए डुअल कैमरा मोड की टेस्टिंग कर रहा है। इससे यूजर्स फ्रंट और रियर कैमरे से एक साथ वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे।
WhatsApp के नए डुअल कैमरा मोड में फ्रंट और रियर कैमरे से एक साथ वीडियो रिकॉर्ड होगा।
Photo Credit: Pexels
WhatsApp पर वीडियो बनाते समय अब आपको सामने का नजारा रिकॉर्ड करने और अपना रिएक्शन दिखाने के लिए अलग-अलग वीडियो बनाने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी एक नए डुअल कैमरा मोड की टेस्टिंग कर रही है। इस फीचर की मदद से फोन के फ्रंट और रियर कैमरे से एक ही समय पर फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकेंगे। यानी आप किसी कॉन्सर्ट, ट्रैवल या खास मौके का वीडियो बनाते हुए उसमें अपना चेहरा और रिएक्शन भी दिखा सकेंगे।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp का यह फीचर कुछ Android बीटा यूजर्स के लिए वर्जन 2.26.46.9 में रोलआउट किया जा रहा है। इसमें रियर कैमरा मेन स्क्रीन पर काम करेगा, जबकि फ्रंट कैमरे से रिकॉर्ड होने वाला आपका चेहरा एक छोटी विंडो में दिखाई देगा। इस तरह एक ही वीडियो में दोनों कैमरों के फुटेज शामिल होंगे।
इस छोटी विंडो को स्क्रीन पर अपनी पसंद की जगह पर खिसकाया भी जा सकेगा। इससे वीडियो में जरूरी चीजें छिपेंगी नहीं। इसके अलावा यूजर्स दोनों कैमरों के व्यू को आपस में बदल सकेंगे। रोटेट बटन पर टैप करने से फ्रंट कैमरा मुख्य स्क्रीन पर आ जाएगा और रियर कैमरे का फुटेज छोटी विंडो में दिखने लगेगा।
दोनों कैमरों से रिकॉर्ड की गई फोटो या वीडियो को WhatsApp चैट, ग्रुप, चैनल और स्टेटस पर शेयर किया जा सकेगा। भेजने से पहले यूजर्स इसमें कैप्शन जोड़ने और एडिटिंग करने जैसे विकल्पों का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
यह फीचर फिलहाल सीमित Android बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी इसे धीरे-धीरे रोलआउट कर रही है, इसलिए WhatsApp का लेटेस्ट बीटा वर्जन इंस्टॉल करने के बाद भी जरूरी नहीं कि यह फीचर सभी यूजर्स को मिल जाए। फिलहाल कंपनी ने इसके आम यूजर्स के लिए जारी होने की तारीख नहीं बताई है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।