OnePlus 16 आज 12 अक्टूबर को चीन में लॉन्च होने जा रहा है। फोन में Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर, 185Hz गेमिंग रिफ्रेश रेट और 200MP कैमरा मिलने की जानकारी सामने आई है। जानें इसके फीचर्स, बैटरी, कलर ऑप्शन और स्टोरेज वेरिएंट की डिटेल्स।
OnePlus 16 आज चीन में होगा लॉन्च, 185Hz गेमिंग डिस्प्ले और 200MP कैमरे की उम्मीद
Photo Credit: OnePlus
OnePlus 16 आज यानी 12 अक्टूबर को चीन में लॉन्च होने जा रहा है। कंपनी का यह नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन खास तौर पर परफॉर्मेंस और गेमिंग पर फोकस करेगा। फोन में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर मिलने की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा, कंपनी ने इसमें 185Hz गेमिंग रिफ्रेश रेट और 185FPS तक गेमिंग सपोर्ट की जानकारी भी दी है। फोन में 200MP का मेन कैमरा और 9,000mAh की बैटरी मिलने की उम्मीद है। लॉन्च से पहले इसके डिजाइन, कलर ऑप्शन, स्टोरेज वेरिएंट और गेमिंग फीचर्स से जुड़ी कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं।
OnePlus ने अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन की लॉन्च डेट चीन में आयोजित OnePlus Gaming Conference के दौरान कंफर्म की थी। फोन को आज, यानी 12 अक्टूबर को चीन में पेश किया जाएगा। चीन में फोन की लॉन्चिंग भारतीय समय के अनुसार शाम 4:30 बजे निर्धारित है। कंपनी ने लॉन्च से पहले इसकी गेमिंग टेक्नोलॉजी और परफॉर्मेंस से जुड़ी कई जानकारियां शेयर की हैं।
OnePlus 16 में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर दिया जाएगा। कंपनी ने इस चिपसेट की पुष्टि की है। यह 2nm प्रोसेस पर आधारित चिपसेट है, जिसकी क्लॉक स्पीड 5GHz तक हो सकती है। कंपनी ने फोन के AnTuTu बेंचमार्क स्कोर की जानकारी भी शेयर की है। OnePlus के इंटरनल टेस्टिंग में फोन ने 56,33,288 पॉइंट्स हासिल किए। इससे पहले सामने आए एक टेस्ट में फोन को 53,84,433 पॉइंट्स मिले थे।
OnePlus 16 की सबसे खास बात इसका हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन में BOE का X4 पैनल दिया जाएगा, जो सामान्य इस्तेमाल में 165Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा। वहीं, चुनिंदा गेम्स में इसका रिफ्रेश रेट 185Hz तक जा सकेगा।
कंपनी ने फोन में 185FPS तक गेमिंग सपोर्ट की भी पुष्टि की है। इसके लिए इसमें नया Wind Chaser Gaming Kernel दिया जाएगा। कंपनी ने बताया है कि चुनिंदा गेम्स में नेटिव 185FPS सपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए गेम डेवलपर्स के साथ काम किया जा रहा है। इनमें Peace Elite, Arena Breakout, Nizhan: Future और Naruto Mobile जैसे गेम शामिल हैं। ध्यान देने वाली बात है कि सभी गेम्स में यह फ्रेम रेट उपलब्ध नहीं होगा।
OnePlus 16 में कंपनी का नया Esports Tri-Core सिस्टम भी मिलेगा। इसमें नेटवर्किंग, टच रिस्पॉन्स और डिस्प्ले इमेज प्रोसेसिंग के लिए अलग-अलग चिप्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका मकसद गेमिंग के दौरान नेटवर्क लेटेंसी कम करना, टच रिस्पॉन्स बेहतर करना और तेजी से मूव करने वाले विजुअल्स को स्पष्ट दिखाना है।
इसके अलावा, फोन में नया Glacier Cooling System दिया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, इसका नया वेपर चैंबर पिछले सिस्टम की तुलना में 40 प्रतिशत बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता है। वहीं, नए थर्मल कंडक्टिव जेल से हीट मैनेजमेंट में सुधार होने का दावा किया गया है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो OnePlus 16 में ट्रिपल रियर कैमरा मिलने की पुष्टि हुई है। इसमें 200MP का मेन कैमरा, 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल होगा। फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा भी दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा 3x ऑप्टिकल जूम और 6x लॉसलेस जूम सपोर्ट करेगा।
OnePlus 16 में 9,000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। लीक्स के मुताबिक, फोन में 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिल सकता है।
OnePlus 16 को चीन में तीन कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा। इनमें Tomorrow's Star, Martian Masterpiece और Dark Forest शामिल हैं। Tomorrow's Star वेरिएंट में पीछे की तरफ खास लाइटिंग डिजाइन दिया गया है, जबकि दूसरे कलर में अलग फिनिश मिलती है।
फोन के प्री-ऑर्डर पेज पर चार RAM और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन सामने आए हैं, जिनमें 12GB RAM + 256GB स्टोरेज, 12GB RAM + 512GB स्टोरेज, 16GB RAM + 512GB स्टोरेज और 16GB RAM + 1TB स्टोरेज कॉन्फिगरेशन शामिल हैं।
फिलहाल OnePlus ने चीन में लॉन्च की तारीख की पुष्टि की है, लेकिन भारत में इसकी लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में भारतीय कीमत, उपलब्धता और भारतीय वेरिएंट के स्पेसिफिकेशन्स को लेकर अभी इंतजार करना होगा।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।