Motorola Signature 27 ने DXOMARK के कैमरा टेस्ट में 173 पॉइंट्स हासिल किए हैं। इस स्कोर के साथ फोन ने iPhone 18 Pro को पीछे छोड़कर ग्लोबल कैमरा रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है।
Motorola Signature 27 ने DXOMARK कैमरा रैंकिंग में iPhone 18 Pro को पीछे छोड़ा
Motorola के नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन Signature 27 ने कैमरा टेस्ट में बड़ा मुकाम हासिल किया है। फोन ने DXOMARK की ग्लोबल कैमरा रैंकिंग में 173 पॉइंट्स के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। इसने Apple iPhone 18 Pro को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसे 172 पॉइंट्स मिले हैं। इस रैंकिंग में Motorola से आगे सिर्फ Huawei Pura 80 Ultra है, जिसने 175 पॉइंट्स हासिल किए हैं। खास बात यह है कि Motorola का नया फोन फोटो और वीडियो दोनों के मामले में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहा है।
DXOMARK की टेस्टिंग के मुताबिक, Motorola Signature 27 को कुल 173 पॉइंट्स मिले हैं। इसमें फोटो और वीडियो दोनों के लिए 173-173 पॉइंट्स का स्कोर शामिल है। इस रैंकिंग में Huawei Pura 80 Ultra 175 पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर है, जबकि iPhone 18 Pro को 172 पॉइंट्स मिले हैं। वहीं, OPPO Find X9 Ultra 170 पॉइंट्स के साथ इसके पीछे है। इस तरह Motorola का नया फोन फिलहाल DXOMARK की ग्लोबल कैमरा रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
कैमरा टेस्ट में फोन के पोर्ट्रेट फोटो परफॉर्मेंस को खास तौर पर अच्छा बताया गया है। DXOMARK के अनुसार, इससे ली गई तस्वीरों में स्किन टोन नेचुरल दिखाई देते हैं और चेहरे की डिटेल भी अच्छी रहती है। ग्रुप फोटो में भी कैमरा अलग-अलग दूरी पर खड़े लोगों को फोकस में रखने में सफल रहता है। इसके अलावा 3x Optical Zoom के साथ ली गई तस्वीरों में अच्छी डिटेल मिलती है। करीब 6x Zoom तक भी फोटो की क्वालिटी अच्छी बनी रहती है।
DXOMARK की कैमरा को लेकर टॉप 10 स्मार्टफोन रेटिंग
कम रोशनी में फोटो खींचने के मामले में भी Motorola Signature 27 ने अच्छा प्रदर्शन किया है। DXOMARK के मुताबिक, फोन मुश्किल लाइटिंग में भी सही Exposure और नेचुरल कलर के साथ तस्वीरें लेता है। तस्वीरों में Noise भी काफी हद तक कंट्रोल रहता है। वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान भी फोन का Exposure, कलर और Autofocus स्थिर रहता है। हालांकि, बहुत कम रोशनी में तेजी से हिलते हुए सब्जेक्ट की फोटो लेने पर Motion Blur दिखाई दे सकता है।
DXOMARK ने फोन के कैमरे की कुछ कमियों का भी जिक्र किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दूर मौजूद सब्जेक्ट की फोटो खींचते समय Zoom की क्वालिटी कम हो सकती है और बारीक डिटेल्स खो सकती हैं। बहुत ज्यादा अंधेरे में तस्वीरों के रंग और डिटेल भी प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, कम रोशनी में मूव करते हुए सब्जेक्ट का वीडियो रिकॉर्ड करने पर Noise और Blur की समस्या देखने को मिल सकती है।
कैमरा हार्डवेयर की बात करें तो Motorola Signature 27 में 50MP Sony Lytia 910 प्राइमरी कैमरा दिया गया है। इसके साथ 200MP Periscope Telephoto कैमरा मिलता है, जो 3x Optical Zoom सपोर्ट करता है। फोन में 50MP Ultra-Wide कैमरा भी दिया गया है। इस तरह ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ कंपनी ने पोर्ट्रेट, जूम और लो-लाइट फोटोग्राफी पर फोकस किया है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।