Nvidia CEO Jensen Huang ने अपने एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की बात स्वीकार की है। इस मामले में Alice Huang का नाम सामने आया है, जिन पर चीन के लिए जासूसी करने के आरोप हैं। जानें Trump और Elon Musk ने क्या कहा।
Nvidia CEO Jensen Huang के अफेयर और चीनी जासूसी के आरोपों ने बढ़ाई चर्चा
Photo Credit: Reuters
दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO Jensen Huang इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की बात स्वीकार करते हुए कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी है। यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब रिपोर्ट्स में उनके कथित रिश्ते को एक ऐसी चीनी महिला से जोड़ा गया, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने और Nvidia से जुड़ी जानकारी जुटाने के आरोप हैं। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और Elon Musk ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। चलिए पूरा मामला समझते हैं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Jensen Huang ने Nvidia के कर्मचारियों को भेजे एक मैसेज में स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उन्होंने लिखा कि उनके इस फैसले से उनकी पत्नी और बच्चों को तकलीफ पहुंची है और इसके लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है। उन्होंने अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए परिवार और कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी। हालांकि, Jensen ने अपने मैसेज में कथित रिश्ते में शामिल महिला का नाम नहीं लिया।
द न्यू यॉर्क टाइम्स की एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक, इस विवाद में Alice Huang का नाम सामने आया है। वह चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed International से जुड़ी रही हैं। रिपोर्ट्स में उन्हें Huang Le के नाम से भी पहचाना गया है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को कथित तौर पर शक है कि Alice Huang चीन की खुफिया एजेंसी सिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के लिए काम कर रही थीं। आरोप है कि उन्होंने जेनसेन हुआंग के साथ करीबी संबंध बनाकर Nvidia की स्ट्रैटेजी और कंपनी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश की।
यह मामला सिर्फ हुआंग की निजी जिंदगी तक सीमित नहीं है। Megaspeed पर भी अमेरिकी अधिकारियों की नजर रही है। कंपनी पर आरोपों की जांच हुई कि उसके जरिए Nvidia के एडवांस AI चिप्स चीन तक पहुंचाए जा सकते हैं, जबकि अमेरिका ने ऐसे कुछ चिप्स के चीन को एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध लगा रखा है। हालांकि, अभी तक सार्वजनिक तौर पर ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो कि Nvidia की ट्रेड सीक्रेट्स या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लीक हुई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने Jensen Huang का बचाव करते हुए उन्हें एक सम्मानित व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा (via Bloomberg Television) कि हुआंग ने अमेरिका के लिए शानदार काम किया है और इस मामले में उनका पक्ष भी सुना जाना चाहिए। वहीं, Elon Musk ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट से सहमति जताई। इस पोस्ट में हुआंग को अपनी पीढ़ी के महान उद्यमियों में से एक बताते हुए कहा गया था कि उन्होंने बड़ी गलती की है, लेकिन संभव है कि उनकी मंशा गलत न रही हो। Musk ने इस पोस्ट पर 'I agree' लिखकर अपनी सहमति जताई।
इस विवाद के बाद Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्वतंत्र जांच शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए स्वतंत्र डायरेक्टर्स की एक कमेटी बनाई गई है, जो बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से पूरे मामले से जुड़ी जानकारी की जांच करेगी। कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि Nvidia के सीक्रेट्स या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी से समझौता हुआ है। Jensen Huang ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। फिलहाल वह कंपनी के CEO बने रहेंगे और Nvidia ने साफ किया है कि इस जांच के कारण उनके नेतृत्व में कामकाज नहीं रुकेगा।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।