HP ने भारत में OmniBook Ultra 16 AI लैपटॉप लॉन्च किया है। इसमें NVIDIA RTX Spark N1X प्लेटफॉर्म, 128GB तक LPDDR5x यूनिफाइड मेमोरी और 3K OLED डिस्प्ले मिलता है।
HP OmniBook Ultra 16 की भारत में कीमत 5,49,999 रुपये है
Photo Credit: HP
HP ने भारत में नया OmniBook Ultra 16 AI लैपटॉप लॉन्च किया है। इसे डेवलपर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रोफेशनल्स के लिए पेश किया गया है। यह NVIDIA RTX Spark N1X प्लेटफॉर्म पर काम करता है, जिसमें NVIDIA Blackwell RTX इंटीग्रेटेड ग्राफिक्स मिलते हैं। कंपनी के मुताबिक, यह 1 पेटाफ्लॉप तक FP4 AI परफॉर्मेंस दे सकता है। इसमें 128GB तक LPDDR5x यूनिफाइड मेमोरी का सपोर्ट मिलता है। इसकी मदद से यूजर्स लैपटॉप पर ही AI मॉडल, इंटेलिजेंट एजेंट और AI ऐप्स चला सकेंगे।
HP OmniBook Ultra 16 AI लैपटॉप की भारत में शुरुआती कीमत 5,49,999 रुपये रखी गई है। इसे Eclipse Gray कलर में पेश किया गया है। फिलहाल ग्राहक HP के ऑनलाइन स्टोर से इसकी बुकिंग कर सकते हैं। लैपटॉप की शिपिंग 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। कंपनी चुनिंदा बैंक कार्ड से खरीदारी पर 40,000 रुपये का कैशबैक भी दे रही है।
HP के इस लैपटॉप में NVIDIA RTX Spark N1X प्लेटफॉर्म दिया गया है। इसमें मल्टी-कोर CPU और NVIDIA Blackwell RTX इंटीग्रेटेड ग्राफिक्स मिलते हैं। यह NVIDIA CUDA प्लेटफॉर्म पर काम करता है। कंपनी का दावा है कि यह 1 पेटाफ्लॉप तक FP4 AI परफॉर्मेंस दे सकता है। इसमें 128GB तक LPDDR5x यूनिफाइड मेमोरी मिलती है। इसकी मदद से डेवलपर्स AI मॉडल पर काम करने, उन्हें टेस्ट करने और AI ऐप्स बनाने जैसे काम सीधे लैपटॉप पर कर सकेंगे। वहीं, क्रिएटर्स को वीडियो एडिटिंग, रेंडरिंग और AI की मदद से कंटेंट तैयार करने में RTX एक्सीलरेशन का फायदा मिलेगा।
कंपनी के मुताबिक, यूजर्स NVIDIA RTX और Studio टेक्नोलॉजी से लैस सैकड़ों क्रिएटिव ऐप्स और AI टूल्स इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा लैपटॉप पर Ray Tracing, DLSS, NVIDIA Reflex और G-SYNC जैसी टेक्नोलॉजी के साथ गेमिंग भी की जा सकेगी। लोकल AI प्रोसेसिंग से यूजर्स को अपने मॉडल और डेटा पर ज्यादा नियंत्रण रखने का ऑप्शन मिलेगा।
HP OmniBook Ultra 16 में 16-इंच का 3K OLED मल्टीटच डिस्प्ले दिया गया है। इसका रिजॉल्यूशन 2880×1800 पिक्सल है और इसमें 120Hz तक का वेरिएबल रिफ्रेश रेट मिलता है। डिस्प्ले 100% DCI-P3 कलर कवरेज और VESA DisplayHDR True Black 1000 सपोर्ट करता है। ऑडियो के लिए इसमें क्वाड स्पीकर दिए गए हैं। वहीं, हैप्टिक टचपैड के जरिए जेस्चर की मदद से वॉल्यूम और ब्राइटनेस कंट्रोल की जा सकती है।
HP का दावा है कि OmniBook Ultra 16 दुनिया का सबसे पतला RTX Spark AI PC है। इसकी पिछली तरफ की मोटाई करीब 15.7mm है। इसमें प्रीमियम मेटल चेसिस दिया गया है। हाई-परफॉर्मेंस AI और क्रिएटिव कामों के दौरान लैपटॉप को ठंडा रखने के लिए कंपनी ने इसमें नया Consumer Tower Hinge और Trunk Architecture दिया है। HP के मुताबिक, यह डिजाइन एयरफ्लो बेहतर बनाने और गर्मी बाहर निकालने में मदद करता है, ताकि पतले डिजाइन में भी लैपटॉप लगातार भारी काम कर सके।
लैपटॉप में 99Wh की बैटरी दी गई है। इसके साथ 140W का GaN चार्जर मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 7 और 5MP IR कैमरा दिया गया है। पोर्ट्स की बात करें तो इसमें दो USB Type-C, दो USB Type-A और एक HDMI 2.1 पोर्ट मिलता है। इसके अलावा microSD कार्ड रीडर भी दिया गया है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।