UGREEN ने P8 मैग्नेटिक पावर बैंक लॉन्च किया है। इसमें 10,000mAh बैटरी, लिक्विड कूलिंग सिस्टम, 45W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग मिलती है।
UGREEN P8 में लिक्विड कूलिंग, मैग्नेटिक वायरलेस चार्जिंग और TFT डिस्प्ले मिलता है
Photo Credit: Ugreen
UGREEN ने नया P8 मैग्नेटिक पावर बैंक लॉन्च किया है। इसकी खासियत इसमें दिया गया लिक्विड कूलिंग सिस्टम है, जो चार्जिंग के दौरान गर्मी कम करने में मदद करता है। इसमें 10,000mAh की बैटरी, 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 15W मैग्नेटिक वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। पावर बैंक में बिल्ट-इन USB Type-C केबल और TFT स्मार्ट डिस्प्ले भी दिया गया है।
इस पावर बैंक में कंपनी का Icefall Liquid Cooling Temperature Control Matrix दिया गया है। इसमें माइक्रो-पंप की मदद से कूलेंट को पावर बैंक के अंदर सर्कुलेट किया जाता है। UGREEN का दावा है कि यह सिस्टम पीक टेम्परेचर को 13 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है। वहीं, हीट डिसिपेशन एफिशिएंसी में 38% तक सुधार होने की बात कही गई है।
UGREEN P8 में दो 5,000mAh ATL बैटरी सेल दी गई हैं। इसकी बिल्ट-इन USB Type-C केबल से 45W तक आउटपुट मिलता है। वहीं, मैग्नेटिक वायरलेस चार्जिंग के लिए 15W तक का सपोर्ट है। यह MagSafe के साथ कम्पैटिबल है। इसमें PD, AVS, QC, AFC, SCP, FCP और PPS जैसे चार्जिंग प्रोटोकॉल भी मिलते हैं।
पावर बैंक के किनारे TFT स्मार्ट डिस्प्ले दिया गया है। इस पर बैटरी लेवल, आउटपुट पावर, चार्जिंग में बचा अनुमानित समय और चार्जिंग साइकिल की जानकारी देखी जा सकती है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 800 चार्जिंग साइकिल के बाद भी 80% से ज्यादा हेल्थ बनाए रख सकती है। इसका साइज 108.4×70.5×16.2mm है और इसके साथ 24 महीने की वारंटी मिलती है।
ITHome के मुताबिक, UGREEN P8 की कीमत चीन में 459 युआन (करीब 6,400 रुपये) रखी गई है। इसकी बिक्री 3 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। फिलहाल इसे चीन के बाजार में पेश किया गया है। भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।