Xiaomi ने Mijia Sonic Sweep Electric Toothbrush 2 लॉन्च किया है। इसमें LED इंडिकेटर रिंग दी गई है, जो बताती है कि दांतों के किस हिस्से की सफाई हो चुकी है और कहां ब्रश करना बाकी है। इसकी बैटरी 180 दिनों तक चलने का दावा है।
Xiaomi के नए इलेक्ट्रिक टूथब्रश में LED रिंग सफाई की स्थिति बताने में मदद करती है
Photo Credit: Xiaomi
Xiaomi ने चीन में नया Mijia Sonic Sweep Electric Toothbrush 2 लॉन्च किया है। इस इलेक्ट्रिक टूथब्रश की खासियत इसका LED इंडिकेटर रिंग है, जो ब्रश करते समय बताता है कि दांतों के किन हिस्सों की सफाई हो चुकी है और कहां ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए फोन में कोई ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ती। कंपनी ने इसमें तीन-एक्सिस सेंसर दिया है, जो ब्रश करने के तरीके को ट्रैक करता है। इसके अलावा इसमें 180 दिनों तक की बैटरी लाइफ, USB Type-C चार्जिंग और IPX8 वॉटर रेसिस्टेंस जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
Mijia Sonic Sweep Electric Toothbrush 2 में लगा LED रिंग इसका सबसे खास फीचर है। ब्रश करते समय सफेद लाइट उन हिस्सों को दिखाती है, जिनकी सफाई हो चुकी है, जबकि नारंगी लाइट उन जगहों का संकेत देती है, जहां ब्रश करना बाकी है। इसके लिए इसमें तीन-एक्सिस सेंसर दिया गया है। साथ ही हर 30 सेकंड में वाइब्रेशन अलर्ट मिलता है, जिससे यूजर मुंह के अगले हिस्से की सफाई शुरू कर सकें।
इस इलेक्ट्रिक टूथब्रश में 24,000 वाइब्रेशन प्रति मिनट की स्पीड वाला मोटर दिया गया है। इसका ब्रश हेड केवल एक जगह वाइब्रेट करने के बजाय बड़े एंगल में स्वीपिंग मूवमेंट करता है। यह मूवमेंट Bass ब्रशिंग तकनीक की नकल करता है। इसमें Gentle, Cleaning और Whitening समेत तीन मोड मिलते हैं। टूथब्रश पिछली बार इस्तेमाल किए गए मोड को याद रखता है। इसे ऑन करने पर शुरुआती तीन सेकंड में मोटर की स्पीड धीरे-धीरे बढ़ती है, ताकि टूथपेस्ट के छींटे न उड़ें।
इसके बॉक्स में दो ब्रश हेड मिलते हैं। इनमें एक सामान्य सफाई के लिए है, जबकि दूसरा संवेदनशील मसूड़ों के लिए बनाया गया है। दूसरे ब्रश हेड में 0.02mm के पतले ब्रिसल्स दिए गए हैं। ब्रिसल्स का रंग करीब तीन महीने में फीका पड़ने लगता है, जिससे उन्हें बदलने का संकेत मिलता है।
इसकी लंबाई 236mm है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है। Xiaomi के मुताबिक, Gentle मोड में बैटरी 180 दिनों तक और Cleaning मोड में 100 दिनों तक चल सकती है। यह दावा रोजाना दो बार, हर बार दो मिनट ब्रश करने के आधार पर है। इसे फुल चार्ज होने में करीब छह घंटे लगते हैं और इसमें IPX8 वॉटर रेसिस्टेंस रेटिंग भी है।
Xiaomi Mijia Sonic Sweep Electric Toothbrush 2 को चीन में 199 युआन की कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसकी शुरुआती कीमत 175 युआन रखी गई है। इसे व्हाइट, पिंक, ब्लू और ग्रीन कलर ऑप्शन में पेश किया है। फिलहाल कंपनी ने इसके भारत समेत अन्य मार्केट में लॉन्च किए जाने को लेकर किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।