अगर आपके पास Apple Watch है, तो TinyPod नाम का यह एक्सेसरी आपके लिए दिलचस्प हो सकता है। यह स्मार्टवॉच को iPod जैसे हैंडहेल्ड डिवाइस में बदल देता है।
TinyPod केस में लगी Apple Watch, iPod जैसे हैंडहेल्ड डिजाइन के साथ
Photo Credit: Tinypod
Apple Watch को आमतौर पर लोग एक स्मार्टवॉच की तरह इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसा एक्सेसरी भी मौजूद है, जो Apple Watch को हाथ की घड़ी से निकालकर iPod जैसे छोटे हैंडहेल्ड डिवाइस में बदल देता है? इस डिवाइस का नाम TinyPod है। खास बात यह है कि इसमें फिजिकल स्क्रॉल व्हील भी मिलता है, जिसकी वजह से इसे इस्तेमाल करने का अनुभव पुराने iPod Classic जैसा महसूस होता है। अगर आपके पास Cellular Apple Watch है, तो यह एक्सेसरी कई ऐसे काम भी कर सकती है जिनके लिए आमतौर पर iPhone की जरूरत पड़ती है।
TinyPod कोई नया प्रोडक्ट नहीं है। इसे 2024 में पेश किया गया था, लेकिन आज भी काफी कम लोग इसके बारे में जानते हैं। यही वजह है कि यह Apple Watch के सबसे दिलचस्प एक्सेसरीज में गिना जाता है।
TinyPod असल में Apple Watch के लिए बनाया गया एक केस है। इसमें Apple Watch को फिट करने के बाद घड़ी का पूरा इंटरफेस एक छोटे हैंडहेल्ड गैजेट में बदल जाता है। इसका सबसे खास फीचर इसका फिजिटल स्क्रोल व्हील है, जो Apple Watch की डिजिटल क्राउन के साथ काम करता है। यानी मेन्यू स्क्रॉल करना, ऐप्स नेविगेट करना और इंटरफेस कंट्रोल करना बिल्कुल पुराने iPod जैसा महसूस होता है। क्योंकि यह केवल एक केस है, इसलिए Apple Watch के लगभग सभी फीचर्स पहले की तरह काम करते रहते हैं।
अगर आपके पास Cellular Apple Watch है तो TinyPod का इस्तेमाल करते समय कई बार iPhone साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे कॉल रिसीव किए जा सकते हैं, मैसेज का जवाब दिया जा सकता है, Apple Pay इस्तेमाल किया जा सकता है और कई दूसरे काम भी किए जा सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य लोगों की फोन की निर्भरता और लगातार सोशल मीडिया इस्तेमाल करने की आदत को कम करना है। यानी जेब में पूरा स्मार्टफोन रखने के बजाय सिर्फ TinyPod के साथ Apple Watch ले जाना भी कई लोगों के लिए पर्याप्त हो सकता है।
TinyPod का दावा है कि इस केस में Apple Watch पहनकर इस्तेमाल नहीं की जाती, इसलिए Wrist Detection जैसे कुछ फीचर लगातार एक्टिव नहीं रहते। इससे कुछ परिस्थितियों में बैटरी बैकअप बेहतर मिल सकता है। हालांकि वास्तविक बैटरी लाइफ इस्तेमाल के तरीके पर निर्भर करती है। Apple का ओरिजिनल मैग्नेटिक चार्जर भी पहले की तरह काम करता है, इसलिए चार्जिंग के लिए किसी अलग एक्सेसरी की जरूरत नहीं पड़ती।
अगर आपको स्क्रॉल व्हील पसंद नहीं है तो कंपनी इसका TinyPod Lite वर्जन भी बेचती है। इसमें वही डिजाइन मिलता है लेकिन फिजिकल स्क्रोल व्हील नहीं दिया गया है। इसकी कीमत भी स्टैंडर्ड मॉडल से काफी कम रखी गई थी।
TinyPod फिलहाल भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च नहीं किया गया है। इसे अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया जैसे चुनिंदा देशों में सेल के लिए उपलब्ध कराया गया था। हालांकि कुछ इंटरनेशनल रीसेलर्स या इम्पोर्टर्स के जरिए इसे खरीदा जा सकता है।
अगर आपके पास पहले से Cellular Apple Watch है और आप उसे सिर्फ फिटनेस ट्रैकर से ज्यादा उपयोगी बनाना चाहते हैं, तो TinyPod एक बेहद अलग और यूनिक एक्सेसरी साबित हो सकती है। यह स्मार्टफोन का पूरा ऑप्शन तो नहीं है, लेकिन कॉलिंग, मैसेज, पेमेंट और जरूरी ऐप्स जैसे काम एक छोटे, iPod जैसे डिवाइस में करने का एक्सपीरिएंस जरूर देती है। यही वजह है कि लॉन्च के एक साल बाद भी TinyPod उन Apple एक्सेसरीज में शामिल है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं, लेकिन जिन्हें देखकर हर टेक लवर एक बार जरूर हैरान होता है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।