टाटा मोटर्स, हुंडई और ऑडी जैसी ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने वाली हैं।
इस साल कार निर्माता कंपनियों ने कई बार कीमतों में बढ़ोतरी की है।
Photo Credit: Pexels/Himanshu Singh
अगर आप देश में नई कार खरीदने का सोच रहे हैं तो जल्द से जल्द प्लानिंग कर सकते हैं, क्योंकि अगले महीने से कई कारें महंगी होने जा रही हैं। टाटा मोटर्स, हुंडई और ऑडी जैसी ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने वाली हैं। ऑटोमोबाइल कंपनियों ने कारों को महंगा करने की वजह इनपुट लागत में बढ़ोतरी को बताया है। आइए कारों में कितनी बढ़ोतरी हुई और इसके पीछे की वजह के बारे में विस्तार से जानते हैं।
Tata Motors की कारें होंगी महंगी
Tata Motors पैसेंजर व्हीकल्स 1 दिसंबर से कारों की कीमतों में औसतन 0.5% की बढ़ोतरी करने जा रहा है। यह बढ़ोतरी सभी वेरिएंट्स पर लागू होगी, जिसमें इंटरनल कंबशन इंजन से लेकर ईवी शामिल हैं। Tata Motors इनपुट लागत में हुई बढ़ोतरी के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए यह फैसला उठाने जा रहा है, जो अभी भी काफी ज्यादा है। टाटा मोटर्स ने दावा किया कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी लागत के दबाव का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन करना जारी रखेगी।
कोरियन कार निर्माता Hyundai ने 1 दिसंबर से अपनी चुनिंदा कारों और उनके वेरिएंट्स की कीमतों में ₹8 हजार तक की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। Hyundai ने स्टॉक एक्सचेंज में दी गई एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि यह कदम इनपुट लागत में भारी बढ़ोतरी के चलते उठाया गया है। कंपनी ने अब तक अपनी इंटरनल एफिशिएंसी और लागत कम करने के तरीकों के जरिए बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा खुद ही उठाया है, लेकिन अब बढ़ती लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने 22 नवंबर से अपने कुछ चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इसके अलावा जर्मन लग्जरी कार निर्माता Audi ने 1 जनवरी, 2027 से अपनी सभी कारों की कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। कार निर्माता कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह इनपुट लागत में भारी वृद्धि को बताया है।
इस साल कार निर्माता कंपनियों ने कई बार कीमतों में बढ़ोतरी की है। Maruti Suzuki ने इस साल अब तक 4 बार कीमतें बढ़ाई हैं। 22 नवंबर को हुई बढ़ोतरी से पहले जून, अगस्त और सितंबर में भी कीमतों में इजाफा हुआ था। Hyundai ने जनवरी, जून और सितंबर में कीमतें बढ़ाई थीं और अब दिसंबर में चौथी बार बढ़ोतरी होगी। टाटा मोटर्स ने इस साल अब तक चौथी बार कीमतें बढ़ाने की घोषणा की है। इससे पहले कंपनी अप्रैल, जुलाई और सितंबर में कीमतें बढ़ा चुकी है और चौथी बार बढ़ोतरी दिसंबर से लागू होगी। Mahindra, Kia, JSW MG मोटर इंडिया और BMW आदि ने भी इस साल में कई बार कीमतें बढ़ाई। FADA के डाटा के अनुसार, 42 दिनों के फेस्टिव सीजन के दौरान पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री में बीते साल के मुकाबले 7.16% की गिरावट आई है। इस साल 7,48,616 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो कि बीते साल हुई 8,06,322 यूनिट्स कम है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।
साजन चौहान Gadgets 360 में सीनियर सब ...और भी