2024 में M.I.A. की Tin Foil Hat ने Aluminium Foil और 5G को लेकर नई बहस छेड़ दी थी। लेकिन क्या एल्युमिनियम फॉइल वास्तव में 5G सिग्नल को ब्लॉक कर सकता है? आइए जानते हैं इसके पीछे की असली साइंस।
Photo Credit: AI Generated
2024 में पॉप स्टार M.I.A. ने अपने फैशन ब्रांड के तहत एक 'Tin Foil Hat' लॉन्च की थी। इस हैट को लेकर दावा किया गया कि यह Wi-Fi, 4G और 5G जैसी रेडियो तरंगों (Radio Waves) से सुरक्षा देने में मदद कर सकती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस दावे को लेकर काफी चर्चा हुई। कुछ लोगों ने इसे महज मार्केटिंग बताया, तो कुछ ने इसे 5G रेडिएशन से बचाव का तरीका मान लिया। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या इसकी वजह Aluminium Foil है? क्या रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाला एल्युमिनियम फॉइल वास्तव में 5G सिग्नल को ब्लॉक कर सकता है, या फिर यह सिर्फ एक मिथक है? आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इसके पीछे की साइंस क्या कहती है।
5G, 4G, Wi-Fi और Bluetooth सभी रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स का इस्तेमाल करते हैं। जब ये तरंगें किसी धातु से टकराती हैं, तो उनका कुछ हिस्सा रिफ्लेक्ट हो जाता है और कुछ हिस्सा एब्जॉर्ब हो सकता है। क्योंकि Aluminium बिजली का अच्छा चालक है, इसलिए यह रेडियो तरंगों के व्यवहार को प्रभावित कर सकता है।
हां, लेकिन पूरी तरह नहीं और हर स्थिति में नहीं। अगर किसी मोबाइल फोन या दूसरे डिवाइस को Aluminium Foil से इस तरह पूरी तरह लपेट दिया जाए कि बाहर की रेडियो तरंगों के अंदर आने का रास्ता न बचे, तो 5G, 4G, Wi-Fi, Bluetooth और GPS जैसे सिग्नल काफी हद तक कमजोर या ब्लॉक हो सकते हैं। यह किसी जादुई गुण की वजह से नहीं, बल्कि Electromagnetic Shielding की वजह से होता है।
लेकिन अगर फॉइल में कहीं भी गैप, कट या खुली जगह हो, तो सिग्नल अंदर पहुंच सकते हैं। इसलिए केवल Aluminium Foil की एक शीट हाथ में पकड़ लेने या सिर पर रखने से 5G सिग्नल बंद नहीं हो जाते।
जब किसी डिवाइस को चारों तरफ से किसी चालक धातु (Conductive Metal) से पूरी तरह घेर दिया जाता है, तो उसे Faraday Cage जैसा प्रभाव मिलता है। ऐसी स्थिति में बाहरी रेडियो वेव्स का अंदर पहुंचना काफी मुश्किल हो जाता है।
यही कारण है कि कुछ सिग्नल-ब्लॉकिंग बैग और RF Shielding प्रोडक्ट इसी सिद्धांत पर काम करते हैं। हालांकि, Aluminium Foil तभी इफेक्टिव होता है जब वह लगभग पूरी तरह बंद घेरा बना सके।
बता दें कि एक मार्केटिंग ट्रिक Nestle ने KitKat के साथ अपनाई थी, जब कंपनी ने एक खास Faraday Wrapper बनाया था, जिसके लिए कहा गया कि इसमें फोन रखकर बंद करो तो सिग्नल ब्लॉक हो जाते हैं।
अब तक उपलब्ध वैज्ञानिक रिसर्च के आधार पर World Health Organization (WHO) और International Commission on Non-Ionizing Radiation Protection (ICNIRP) का कहना है कि फिक्स सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के अंदर काम करने वाले 5G नेटवर्क से हेल्थ को नुकसान होने का कोई स्थापित साइंटिफिक प्रमाण नहीं मिला है। इसी वजह से किसी भी वैज्ञानिक संस्था ने 5G से बचने के लिए Aluminium Foil इस्तेमाल करने की सलाह नहीं दी है।
अगर सवाल यह है कि "क्या Aluminium Foil 5G सिग्नल को रोक सकता है?" तो जवाब है - हां, लेकिन केवल तब जब वह एक इफेक्टिव शील्ड या Faraday Cage जैसा बंद घेरा बना सके।
अगर सवाल यह है कि "क्या सामान्य तरीके से Aluminium Foil इस्तेमाल करने से 5G रेडिएशन से बचाव हो जाएगा?" तो इसका जवाब है - नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। वर्तमान वैज्ञानिक प्रमाण ऐसे किसी दावे का समर्थन नहीं करते। इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल दावों पर भरोसा करने के बजाय वैज्ञानिक तथ्यों पर ध्यान देना बेहतर है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।