Vivo Buds Clip चीन में लॉन्च हो गए हैं। इनमें ओपन-ईयर क्लिप डिजाइन, 12mm ड्राइवर, AI कॉल नॉइज रिडक्शन और 42 घंटे तक की बैटरी मिलती है।
Vivo Buds Clip ओपन-ईयर डिजाइन और 42 घंटे की बैटरी के साथ लॉन्च
Photo Credit: Vivo
Vivo ने अपने नए Buds Clip TWS ईयरफोन लॉन्च किए हैं। कंपनी के ये ईयरफोन सामान्य इन-ईयर डिजाइन से अलग ओपन-ईयर क्लिप डिजाइन के साथ आते हैं, जिन्हें कान के अंदर डालने की जरूरत नहीं पड़ती। इनमें 12mm ड्राइवर, Hi-Res Audio Wireless, LDAC और स्पैटियल ऑडियो जैसे फीचर दिए गए हैं। कॉलिंग के दौरान AI आधारित नॉइज रिडक्शन भी मिलता है। खास बात यह है कि ये ईयरफोन एक साथ तीन डिवाइस से कनेक्ट हो सकते हैं और चार्जिंग केस के साथ कुल 42 घंटे तक चलने का दावा है।
Vivo Buds Clip की कीमत चीन में 599 युआन (करीब ₹8,600) रखी गई है। इन्हें Floating Purple, Moonlight White और Starry Night Black रंगों में पेश किया गया है। फिलहाल कंपनी ने भारत समेत दूसरे बाजारों में इन ईयरफोन की लॉन्च डेट या कीमत की जानकारी नहीं दी है।
Vivo Buds Clip का सबसे खास हिस्सा इसका डिजाइन है। इनमें सामान्य ईयरफोन की तरह सिलिकॉन टिप नहीं है। इसके बजाय फ्लेक्सिबल टाइटेनियम एलॉय ब्रिज दिया गया है, जो कान के ऊपर क्लिप की तरह फिट होता है। हर ईयरबड का वजन करीब 5.2 ग्राम है। कंपनी के मुताबिक इस डिजाइन को लंबे समय तक पहनने को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। चार्जिंग केस गोल डिजाइन में आता है और इसमें USB Type-C पोर्ट दिया गया है।
ऑडियो के लिए Vivo Buds Clip में 12mm डुअल मैग्नेटिक मूविंग कॉइल यूनिट दी गई है। ये ईयरफोन Hi-Res Audio Wireless को सपोर्ट करते हैं और इनमें LDAC, AAC, SBC और LC3 कोडेक्स मिलते हैं। इसके अलावा DeepX 5.0 स्टीरियो साउंड, स्पैटियल ऑडियो और कस्टम EQ का ऑप्शन भी दिया गया है। यूजर अपनी पसंद के हिसाब से साउंड सेटिंग बदल सकता है।
कॉलिंग के लिए Vivo ने इसमें बोन-कंडक्शन आधारित AI कॉल नॉइज रिडक्शन दिया है। इसमें माइक्रोफोन सिस्टम के साथ AI तकनीक आसपास की अनचाही आवाज को कम करने का काम करती है। यूजर को Balanced Mode, Voice Enhancement Mode और Noise Reduction Mode जैसे विकल्प भी मिलते हैं, जिससे अलग-अलग माहौल में आवाज के हिसाब से सेटिंग बदली जा सकती है।
Vivo Buds Clip में Bluetooth 5.4 दिया गया है और ये एक साथ तीन डिवाइस से कनेक्ट हो सकते हैं। इन्हें फोन, टैबलेट और कंप्यूटर के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी ने इसकी लेटेंसी 70ms तक होने का दावा किया है। Vivo और iQOO के कुछ डिवाइस के साथ कस्टम पेयरिंग पॉप-अप जैसे अतिरिक्त फीचर भी मिलेंगे।
बैटरी की बात करें तो Vivo Buds Clip अकेले ईयरबड्स पर 10 घंटे तक प्लेबैक देने का दावा करते हैं। चार्जिंग केस के साथ कुल बैटरी लाइफ 42 घंटे तक बताई गई है। वहीं सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर करीब 3 घंटे तक प्लेबैक मिलने का दावा है। ईयरफोन में IP55 रेटिंग भी दी गई है, जिससे इन्हें धूल और पानी से कुछ हद तक सुरक्षा मिलती है।
इसके अलावा Vivo Buds Clip कंपनी के BlueOS इकोसिस्टम के साथ काम करते हैं। इनमें Find My Earbuds, इंटेलिजेंट वॉल्यूम एडजस्टमेंट, बड़े टच कंट्रोल एरिया और अलर्ट जैसे फीचर मिलते हैं। Vivo और iQOO डिवाइस के साथ यूजर पेयरिंग और चार्जिंग पॉप-अप में फोटो और स्टिकर भी कस्टमाइज कर सकता है। कंपेटिबल डिवाइस के साथ रियल-टाइम ट्रांसलेशन की सुविधा भी दी गई है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।