• होम
  • फ़ोटो
  • 50 साल बाद चंद्रमा की उड़ान भरेंगे ये 4 अंतरिक्ष यात्री, एक महिला भी शामिल, जानें सभी के बारे में

50 साल बाद चंद्रमा की उड़ान भरेंगे ये 4 अंतरिक्ष यात्री, एक महिला भी शामिल, जानें सभी के बारे में

Share on Facebook Gadgets360 Twitter ShareTweet Share Snapchat Reddit आपकी राय
  • 50 साल बाद चंद्रमा की उड़ान भरेंगे ये 4 अंतरिक्ष यात्री, एक महिला भी शामिल, जानें सभी के बारे में
    1/7

    50 साल बाद चंद्रमा की उड़ान भरेंगे ये 4 अंतरिक्ष यात्री, एक महिला भी शामिल, जानें सभी के बारे में

    अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (Nasa) और कनाडा की स्पेस एजेंसी CSA ने उन 4 अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का खुलासा किया है, जो साल 2024 में चंद्रमा के लिए उड़ान भरेंगे। ये सभी यात्री ‘आर्टिमिस 2' (Artemis II) मिशन का हिस्‍सा होंगे। लगभग 50 साल बाद नासा, चंद्रमा पर कोई मिशन भेज रही है, जिसमें अंतरिक्ष यात्री होंगे। यह आर्टिमिस का पहला क्रू मिशन होगा, जो सुनिश्चित करेगा क‍ि भविष्‍य में किस तरह इंसान दोबारा चंद्रमा पर उतरे और वहां लंबे समय तक रुक सके। जिन 4 यात्रियों को चंद्रमा की उड़ान पर भेजा जाएगा, उनमें से 3 नासा के अंतरिक्ष यात्री हैं, जबकि एक कनाडाई स्‍पेस एजेंसी का एस्‍ट्रोनॉट है।
  • यादगार होने वाला है मिशन
    2/7

    यादगार होने वाला है मिशन

    यह मिशन कई मायनों में यादगार होने वाला है। पहली बार कोई महिला चंद्रमा से जुड़े मिशन में उड़ान भरेगी। एक 'अश्‍वेत' एस्‍ट्रोनॉट को भी मिशन में शामिल किया गया है। चारों यात्रियों के नाम का ऐलान करते हुए नासा के एडमिनिस्‍ट्रेटर बिल नेल्‍सन ने कहा कि आर्टिमिस 2 मिशन का क्रू हमें सितारों तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले हजारों लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। जिन 4 यात्रियों को चंद्रमा की उड़ान पर भेजा जाएगा, उनमें एस्‍ट्रोनॉट रीड विस्मैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच के साथ कनाडाई स्‍पेस एजेंसी के जेरेमी हैनसेन शामिल हैं। आइए चारों अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में जानते हैं।
  • क्रिस्टीना कोच (Christina Koch)
    3/7

    क्रिस्टीना कोच (Christina Koch)

    नासा में एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के तौर पर पहचान रखने वालीं क्रिस्टीना कोच अंतरिक्ष में 3 स्‍पेसवॉक कर चुकी हैं। उन्‍हें मिशन एक्‍सपर्ट के रूप में आर्टिमिस 2 मिशन में शामिल किया गया है। क्रिस्‍टीना ने इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन (ISS) में लंबे वक्‍त तक फ्लाइट इंजीनियर के रूप में काम किया है। 328 दिन अंतरिक्ष में बिताकर वह एक महिला द्वारा सबसे लंबी सिंगल स्‍पेसफ्लाइट का रिकॉर्ड बना चुकी हैं।
  • विक्टर ग्लोवर (Victor Glover)
    4/7

    विक्टर ग्लोवर (Victor Glover)

    विक्टर ग्लोवर को आर्टिमिस मिशन 2 मिशन में एक पायलट के रूप में नामित किया गया है। उनके पास 4 स्‍पेसवॉक का अनुभव है। विक्‍टर अमेरिकी नौसेना में एविएटर रह चुके हैं। वह मून मिशन का हिस्‍सा बनने वाले पहले अश्वेत अंतरिक्ष यात्री होंगे। विक्टर ने 40 से ज्‍यादा विमानों को उड़ाया है। उनके पास 3,000 उड़ान घंटों का अनुभव है। विक्टर ग्लोवर, इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन में भी जा चुके हैं, जहां उन्‍होंने फ्लाइट इंजीनियर की भूमिका निभाई थी।
  • रीड वाइसमैन (Reid Wiseman)
    5/7

    रीड वाइसमैन (Reid Wiseman)

    आर्टिमिस 2 मिशन में रीड वाइसमैन की भ‍ूमिका मिशन कमांडर की होगी। रीड भी अमेरिकी नौसेना में रहे हैं। वह पूर्व में फाइटर पायलट थे। अंतरिक्ष में रीड दूसरी बार सफर करेंगे। साल 2014 में उन्‍होंने इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन में एक फ्लाइट इंजीनियर के रूप में अपनी जिम्‍मेदारी निभाई थी। रीड ने अंतरिक्ष में करीब 165 दिन बिताए हैं। उन्‍होंने दो स्‍पेसवॉक को लीड किया है और कुल 13 घंटों की स्‍पेसवॉक की है।
  • जेरेमी हैनसेन (Jeremy Hansen)
    6/7

    जेरेमी हैनसेन (Jeremy Hansen)

    जेरेमी हैनसेन, चंद्रमा की उड़ान भरने वाले पहले कनाडाई बनने वाले हैं। वह कनाडा की आर्म्‍ड फोर्सेस से जुड़े रहे हैं और कनाडा के रॉयल मिलिट्री कॉलेज से स्‍पेस साइंस में ग्रैजुएट हैं। उनके पास फ‍िजिक्‍स में मास्टर्स की डिग्री भी है। जेरेमी ने नासा के मिशन कंट्रोल सेंटर में लंबे वक्‍त तक काम किया है। अमेरिकी सरकार ने भी सभी अंतरिक्ष यात्रियों की तारीफ की है। राष्‍ट्रपति जो बाइडन ने चारों अंतरिक्ष यात्रियों से बात की।
  • चंद्रमा तक जाएंगे जरूर, लेकिन उतरेंगे नहीं
    7/7

    चंद्रमा तक जाएंगे जरूर, लेकिन उतरेंगे नहीं

    आर्टिमिस 2 मिशन के तहत ये सभी यात्री चंद्रमा की उड़ान भरेंगे, लेकिन इनमें से कोई भी चांद पर उतरेगा नहीं। इससे पहले आर्टिमिस 1 मिशन ने पिछले साल उड़ान भरी थी। 25 दिनों के उस मिशन में कोई अंतरिक्ष यात्री शामिल नहीं था। आर्टिमिस 2 मिशन 10 दिनों का होगा। इस दौरान यह सुनिश्‍चित किया जाएगा कि जो कैप्‍सूल चंद्रमा का चक्‍कर लगा रहा है, वह अंतरिक्ष यात्रियों के लिए पूरी तरह से ठीक है। तस्‍वीरें, नासा से।
Comments
 
 

विज्ञापन

Advertisement

© Copyright Red Pixels Ventures Limited 2024. All rights reserved.
ट्रेंडिंग प्रॉडक्ट्स »
लेटेस्ट टेक ख़बरें »