Xiaomi Clip वायरलेस ईयरबड्स ग्लोबल स्तर पर लॉन्च हुए हैं, जिनमें 11 मिमी डायनेमिक ड्राइवर दिए गए हैं।
Xiaomi Clip में 11 मिमी डायनेमिक ड्राइवर दिए गए हैं।
Photo Credit: Xiaomi
Xiaomi ने अपने ऑडियो लाइनअप में विस्तार करते हुए Xiaomi Clip को ग्लोबल स्तर पर लॉन्च कर दिया है। इन ओपन-ईयर वायरलेस ईयरबड्स को इस साल की शुरुआत में चीनी बाजार में पहले ही लॉन्च किया जा चुका है और अब यूके और यूरोप के बाजार में भी उपलब्धता हो गई है। क्लिप-ऑन वायरलेस ईयरबड्स खासतौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किए गए हैं जो कि म्यूजिक सुनते हुए या फिर कॉल पर बात करते हुए आसपास के माहौल को लेकर भी जागरूक रहना चाहते हैं।
Xiaomi Clip की कीमत यूरोप में €149.90 (लगभग ₹15,403) और यूके में £109.99 (लगभग ₹13,566) है। शाओमी क्लिप ग्रेफाइट ब्लैक, फ्रॉस्ट पर्पल, पर्ल व्हाइट और सैंड गोल्ड जैसे 4 कलर ऑप्शन में उपलब्ध हैं।
Xiaomi Clip में 11 मिमी डायनेमिक ड्राइवर दिए गए हैं। यह LHDC 5.0 कोडेक का सपोर्ट करता है, जिससे किसी कम्पैटिबल डिवाइस से कनेक्ट होने पर हाई-रेजॉल्यूशन ऑडियो का अनुभव मिलता है। कंपनी ने इसमें डायरेक्शनल साउंड सिस्टम का इस्तेमाल किया है, जिससे आवाज बाहर लीक होने की संभावना नहीं रहती है। वॉयस कॉलिंग के लिए ईयरबड्स में 4 माइक्रोफोन दिए गए हैं। इनमें एक बोन-कंडक्शन वॉयस पिकअप यूनिट भी शामिल है जो यूजर की वॉयस को बैकग्राउंड नॉयज और हवा के शोर से अलग करने का काम करता है।
शाओमी क्लिप में कान के बाहरी हिस्से पर फिट होने वाला डिजाइन किया गया है। कान पर आसानी से टिके रहने के लिए मेमोरी टाइटेनियम वायर ब्रिज दिया गया है। इसका असिमेट्रिकल डिजाइन दबाव को बराबर रखता है, जिससे लंबे समय तक पहनने पर भी कंफर्ट बरकरार रहता है। चार्जिंग केस में वीगन लेदर दिया गया है और ईयरबड्स की बॉडी ट्रांसपेरेंट है, जिससे इसके अंदर के पार्ट्स नजर आते हैं। प्रत्येक ईयरबड का वजन 5.5 ग्राम है।
बैटरी बैकअप के मामले में स्टैंडर्ड AAC कोडेक के उपयोग पर सिंगल चार्ज में ईयरबड्स 9 घंटे तक चलते हैं और चार्जिंग केस के साथ बैटरी लाइफ 38 घंटे तक चलती है। LHDC 5.0 कोडेक के उपयोग पर ईयरबड्स की बैटरी लाइफ 6 घंटे चलती है और कुल बैटरी लाइफ 25 घंटे हो जाती है। इसके अलावा सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर लगभग 3.5 घंटे का प्लेबैक मिल जाता है। ईयरबड्स धूल और पानी से बचाव के लिए IP57 रेटिंग से लैस किए गए हैं। कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटूथ 5.4, ड्यूल डिवाइस पेयरिंग और आसानी से ट्रैक करने के लिए एप्पल फाइंड माई का सपोर्ट मिलता है। इनमें इन-बिल्ट ऑडियो और कॉल रिकॉर्डिंग की सुविधा भी मिलती है, जिसे ईयरबड्स या चार्जिंग केस पर टैप करके ऑन किया जा सकता है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।
साजन चौहान Gadgets 360 में सीनियर सब ...और भी