Amazfit T-Rex Dual Solar स्मार्टवॉच लॉन्च हो गई है। इसमें आगे और पीछे दोनों तरफ Solar Panel, 25 दिन की बैटरी और 3,000 निट्स AMOLED डिस्प्ले मिलता है।
Amazfit T-Rex Dual Solar आगे और पीछे सोलर पैनल के साथ लॉन्च
Photo Credit: Amazfit
Amazfit ने अपनी नई T-Rex Dual Solar स्मार्टवॉच लॉन्च कर दी है। यह कंपनी की पहली AMOLED स्मार्टवॉच है, जिसमें घड़ी के आगे और पीछे दोनों तरफ सोलर पैनल दिए गए हैं। इसका मकसद खासतौर पर ट्रेकिंग और लंबी आउटडोर यात्राओं के दौरान बार-बार चार्ज करने की जरूरत को कम करना है। कंपनी के मुताबिक घड़ी सामान्य इस्तेमाल में 25 दिन तक चल सकती है, जबकि तेज धूप में सामने वाला सोलर पैनल अतिरिक्त बैटरी बैकअप दे सकता है। इसमें 3,000 निट्स की ब्राइटनेस वाला AMOLED डिस्प्ले, टाइटेनियम बेजल, सैफायर ग्लास और 10 ATM वाटर रेसिस्टेंस भी मिलता है।
Amazfit T-Rex Dual Solar की कीमत 649.99 डॉलर यानी करीब ₹62,200 रखी गई है। कंपनी ने इसे बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिया है। बॉक्स में सिलिकॉन स्ट्रैप और USB Type-C चार्जिंग बेस मिलता है। हालांकि, पैकेज में अलग से चार्जिंग केबल नहीं दी गई है और कंपनी ने पैकेजिंग को पूरी तरह रिसाइकिल करने योग्य बनाया है।
इस स्मार्टवॉच की सबसे खास बात इसका डुअल सोलर चार्जिंग सिस्टम है। डिस्प्ले के आसपास सामने की तरफ सोलर पैनल दिया गया है, जबकि पीछे की तरफ एक बड़ा ऑक्टागोनल सोलर पैनल मिलता है। कंपनी के मुताबिक पीछे वाला पैनल सामने वाले से करीब दोगुना बड़ा है, इसलिए घड़ी को उतारकर रखने पर भी यह ज्यादा सोलर एनर्जी जमा कर सकता है।
50,000 लक्स की धूप में रोजाना करीब 3 घंटे रहने पर सामने वाला सोलर पैनल बैटरी बैकअप में 9 दिन तक का अतिरिक्त समय जोड़ सकता है। सामान्य इस्तेमाल में घड़ी की बैटरी 25 दिन तक चलती है, जबकि सबसे सटीक GPS मोड में लगातार इस्तेमाल करने पर यह करीब 41 घंटे तक चल सकती है।
Amazfit T-Rex Dual Solar में 1.32 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक है, जिससे तेज धूप में स्क्रीन देखने में मदद मिलती है। घड़ी में Grade 5 टाइटेनियम बेजल और स्क्रैच से बचाने के लिए सैफायर ग्लास दिया गया है। पानी से बचाव के लिए इसे 10 ATM रेटिंग मिली है। इसके अलावा इसमें बिल्ट-इन फ्लैशलाइट और आपात स्थिति में मदद के लिए SOS बीकन भी दिया गया है।
T-Rex Dual Solar में आउटडोर इस्तेमाल के लिए कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें पहले से लोड किए गए फुल-कलर मैप्स, रूट प्लानिंग और चढ़ाई के दौरान ढलान की जानकारी मिलती है। LiveShare फीचर की मदद से चुने हुए कॉन्टैक्ट्स आपकी लोकेशन को रियल-टाइम में देख सकते हैं।
घड़ी में एक साथ 100 रूट तक स्टोर किए जा सकते हैं। यूजर फोन की मदद लिए बिना घड़ी से ही नया रूट बना सकता है। अगर आप तय रास्ते से दूर चले जाते हैं तो घड़ी अपने आप नया रास्ता तैयार कर सकती है। ट्रेनिंग के लिए HybridCharge फीचर ट्रेनिंग लोड, रिकवरी और रोजाना के स्ट्रेन को एक स्कोर में दिखाता है। इसके अलावा TrainingPeaks, Runna और Intervals.icu के ट्रेनिंग प्लान का सपोर्ट मिलता है और पूरी की गई वर्कआउट एक्टिविटी Strava के साथ सिंक की जा सकती है। अगर यूजर के पास Amazfit Helio Strap है, तो Zepp ऐप दोनों डिवाइस से मिले डेटा को जोड़कर रिकवरी की ज्यादा जानकारी दिखा सकता है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।