AOC ने चीन में Q16T36 पोर्टेबल मॉनिटर लॉन्च किया है। इसमें 16 इंच का 2.5K डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और 45W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। जानें इसकी कीमत और फीचर्स।
AOC Q16T36 पोर्टेबल मॉनिटर में 16 इंच 2.5K डिस्प्ले और 120Hz रिफ्रेश रेट
Photo Credit: AOC
AOC ने नया Q16T36 पोर्टेबल मॉनिटर लॉन्च किया है। यह 16 इंच का डिस्प्ले 2.5K रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। इसकी खास बात यह है कि यह सिर्फ लैपटॉप या दूसरे डिवाइस की स्क्रीन को बड़ा करने का काम नहीं करता, बल्कि 45W तक रिवर्स चार्जिंग भी सपोर्ट करता है। यानी सही पावर अडैप्टर कनेक्ट होने पर इससे दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है। कंपनी ने इसे उन यूजर्स के लिए पेश किया है, जिन्हें काम या दूसरी जरूरतों के लिए एक एक्स्ट्रा स्क्रीन चाहिए।
AOC Q16T36 को चीन में JD.com पर 999 युआन (करीब 14,000 रुपये) की कीमत पर लिस्ट किया गया है। यह 16 इंच का पोर्टेबल मॉनिटर है, जिसे लैपटॉप के साथ सेकेंडरी डिस्प्ले के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी 16:10 स्क्रीन 2560×1600 पिक्सल रिजॉल्यूशन देती है। कंपनी के मुताबिक, इस आस्पेक्ट रेशियो में सामान्य 16:9 डिस्प्ले के मुकाबले करीब 11 फीसदी ज्यादा वर्टिकल स्क्रीन स्पेस मिलता है।
इस मॉनिटर में IPS LCD पैनल दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 4ms GtG रिस्पॉन्स टाइम सपोर्ट करता है। इसमें Adaptive-Sync टेक्नोलॉजी के साथ AMD FreeSync का सपोर्ट भी मिलता है। इससे गेमिंग और हाई फ्रेम रेट वाले कंटेंट के दौरान स्क्रीन टियरिंग कम करने में मदद मिलती है। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 350 निट्स और स्टैटिक कॉन्ट्रास्ट रेशियो 1200:1 है। यह 99 फीसदी sRGB कलर गैमट कवर करता है और इसमें Delta E<2 कलर एक्यूरेसी दी गई है। इसके अलावा HDR10 और लो ब्लू लाइट मोड भी मिलता है।
AOC Q16T36 में दो फुल-फीचर USB-C पोर्ट, एक HDMI 2.0 पोर्ट और 3.5mm ऑडियो जैक दिया गया है। कम्पैटिबल डिवाइस के साथ USB-C के जरिए एक ही केबल से वीडियो और पावर दोनों मिल सकते हैं। वहीं, एक्सटर्नल पावर अडैप्टर कनेक्ट करने पर यह 45W तक रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करता है। HDMI से कनेक्ट करने पर अलग से USB-C पावर सोर्स की जरूरत होगी।
मॉनिटर की मोटाई 14mm है और इसमें मैट फिनिश वाला डिजाइन मिलता है। इसमें बिल्ट-इन एडजस्टेबल किकस्टैंड दिया गया है, जबकि 75×75mm VESA माउंटिंग का सपोर्ट भी मौजूद है। ऑडियो के लिए इसमें दो 1W स्पीकर मिलते हैं। यह Windows, macOS, Android, iOS और HarmonyOS डिवाइस के साथ कम्पैटिबल है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।