OnePlus Nord 7 में MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर दिया जा सकता है। इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट वाला Super AMOLED डिस्प्ले मिलने की बात भी कही गई है।
OnePlus Nord 6 (ऊपर तस्वीर में) को इसी साल अप्रैल में लॉन्च किया गया था
Photo Credit: OnePlus
OnePlus अपनी Nord सीरीज में नया स्मार्टफोन OnePlus Nord 7 लाने की तैयारी कर रहा है। लॉन्च से पहले इस फोन की कथित लाइव तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें इसका डिजाइन देखने को मिला है। फोन के कैमरा मॉड्यूल में वर्टिकल RGB लाइट स्ट्रिप नजर आ रही है। इसके अलावा लीक के मुताबिक, OnePlus Nord 7 में 9000mAh की बैटरी, 144Hz रिफ्रेश रेट वाला Super AMOLED डिस्प्ले और MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर मिल सकता है।
टिप्स्टर अभिषेक यादव ने OnePlus Nord 7 की लाइव फोटोज शेयर की हैं। इनमें फोन का बैक पैनल ग्लॉसी फिनिश के साथ दिखाई दे रहा है। इसके साथ टील ग्रीन कलर का फ्रेम दिया गया है। पीछे की तरफ बड़ा कैमरा मॉड्यूल है, जिसमें दो कैमरा सेंसर वर्टिकल पोजिशन में नजर आते हैं। इनके बगल में फ्लैश और एक लंबी RGB लाइट स्ट्रिप दी गई है।
एक फोटो में यह लाइट एम्बर कलर में चमकती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी तस्वीर में बंद है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस लाइट का इस्तेमाल नोटिफिकेशन, कॉल अलर्ट या गेमिंग इफेक्ट के लिए किया जाएगा या नहीं। फोन के फ्रंट में फ्लैट डिस्प्ले, पतले बेजल और बीच में पंच-होल सेल्फी कैमरा दिखाई देता है।
टिप्स्टर के मुताबिक, OnePlus Nord 7 में MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर दिया जा सकता है। इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट वाला Super AMOLED डिस्प्ले मिलने की बात भी कही गई है। बैटरी की बात करें तो फोन में 9000mAh की बैटरी मिल सकती है, जो 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करेगी।
दिलचस्प बात यह है कि लीक हुई जानकारी के मुताबिक, बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड के मामले में Nord 7 अपने पिछले मॉडल OnePlus Nord 6 जैसा हो सकता है। हालांकि, Nord 6 में Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर और 165Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले दिया गया था। ऐसे में नए मॉडल में Dimensity 8500 चिपसेट और 144Hz डिस्प्ले मिलने की जानकारी सही साबित होती है तो कुछ मामलों में यह पिछले मॉडल से अलग होगा।
फिलहाल OnePlus ने Nord 7 की लॉन्च डेट, कीमत या स्पेसिफिकेशन्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। भारत में Nord सीरीज की मौजूदगी को देखते हुए इसके यहां लॉन्च होने की उम्मीद है। पिछले मॉडल OnePlus Nord 6 को भारत में अप्रैल 2026 में लॉन्च किया गया था। ऐसे में Nord 7 के लॉन्च को लेकर भी अगले साल की शुरुआत में जानकारी सामने आ सकती है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।