बेल्किन ने चीन में अपना नया 40W USB-C चार्जर लॉन्च किया है। इसका वजन सिर्फ 57 ग्राम है और इसमें फोल्डेबल प्लग के साथ फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है।
बेल्किन का नया 40W USB-C चार्जर कॉम्पैक्ट डिजाइन और फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ लॉन्च।
Photo Credit: Belkin
स्मार्टफोन के साथ मिलने वाले चार्जर का चलन भले ही कम हो गया है, लेकिन अब कंपनियां छोटे साइज और ज्यादा पावर वाले चार्जर पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में Belkin ने चीन में अपना नया 40W USB-C चार्जर लॉन्च किया है। इसकी खासियत इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन, हल्का वजन और फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है। कंपनी का दावा है कि यह चार्जर किसी फोन की बैटरी को महज 20 मिनट में 50% तक चार्ज कर सकता है।
नया Belkin 40W Single USB-C Charger खासतौर पर आईफोन और आईपैड को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। हालांकि, USB-C चार्जिंग सपोर्ट वाले दूसरे डिवाइस के साथ भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें एक USB-C पोर्ट दिया गया है और यह USB Power Delivery 3.2 के साथ PPS टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करता है।
बेल्किन के नए चार्जर का डिजाइन काफी कॉम्पैक्ट रखा गया है। इसका साइज 34 x 38 x 33mm है और वजन महज 57 ग्राम है। कंपनी के मुताबिक, यह समान आउटपुट वाले एक सामान्य चार्जर के मुकाबले 70% छोटा है। हालांकि, कंपनी ने इस तुलना के लिए इस्तेमाल किए गए दूसरे चार्जर का नाम नहीं बताया है।
इसमें फोल्डेबल प्लग दिया गया है, जिसे इस्तेमाल नहीं करने पर चार्जर की बॉडी के अंदर फोल्ड किया जा सकता है। इससे इसे बैग या जेब में रखना आसान हो जाता है। चार्जर को सॉफ्ट सैंड कलर फिनिश में पेश किया गया है।
चार्जर में दिया गया USB-C पोर्ट अधिकतम 40W पावर आउटपुट देता है। यह USB Power Delivery 3.2 और PPS (Programmable Power Supply) टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करता है। इसके अलावा, इसे USB-IF का सर्टिफाइड 40W चार्जर मार्क भी मिला है। इसके फिक्स्ड आउटपुट प्रोफाइल में 5V/3A, 9V/3A, 15V/2.6A और 20V/2A शामिल हैं। वहीं, PPS सपोर्ट के तहत यह 5-11V/3A और 5-16V/2.65A आउटपुट दे सकता है।
कंपनी का दावा है कि इस चार्जर से किसी फोन को 20 मिनट में 50% तक चार्ज किया जा सकता है। हालांकि, वास्तविक चार्जिंग स्पीड इस्तेमाल किए जा रहे डिवाइस, चार्जिंग केबल और आसपास के तापमान जैसी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी। इसके लिए फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली कम्पैटिबल केबल की भी जरूरत होगी।
चार्जर में 100-240V इनपुट और 50/60Hz सपोर्ट मिलता है। यानी अलग-अलग देशों के पावर सप्लाई सिस्टम के साथ भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। बेल्किन इसके साथ 2,500 डॉलर तक की Connected Equipment Warranty भी दे रही है।
बेल्किन ने अपने नए 40W USB-C चार्जर को फिलहाल चीन में लॉन्च किया है। इसकी कीमत 77 युआन (करीब 1,050 रुपये) रखी गई है। इसे चीन में JD.com के जरिए खरीदा जा सकता है। फिलहाल कंपनी ने भारत समेत दूसरे ग्लोबल मार्केट में इसकी उपलब्धता और कीमत को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।