Caviar ने Apple के फोल्डेबल iPhone Duo का खास Liquid Metal Edition पेश किया है। स्टर्लिंग सिल्वर से बने इस लिमिटेड एडिशन की कीमत ₹20 लाख से ज्यादा है और सिर्फ 17 यूनिट तैयार की जाएंगी।
Caviar का Liquid Metal iPhone Duo स्टर्लिंग सिल्वर से तैयार किया गया है
Photo Credit: Caviar
Apple के फोल्डेबल iPhone Duo की कीमत सामने आने के बाद अब इसका एक बेहद महंगा कस्टम वर्जन चर्चा में है। लग्जरी कस्टमाइजेशन ब्रांड Caviar ने iPhone Duo का ‘Liquid Metal' एडिशन तैयार किया है, जिसकी कीमत करीब ₹20 लाख से ज्यादा है। इस खास वर्जन को स्टर्लिंग सिल्वर से तैयार किया गया है और इसकी फिनिश मिरर पॉलिश वाली है। खास बात यह है कि Caviar इस कस्टम iPhone Duo की सिर्फ 17 यूनिट तैयार कर रहा है।
Caviar के मुताबिक, Liquid Metal iPhone Duo के कस्टम पैनल को पूरी तरह स्टर्लिंग सिल्वर से तैयार किया गया है। इसकी सतह पर स्कल्प्चरल डिजाइन दिया गया है और मिरर पॉलिश फिनिश की गई है। कंपनी ने इस डिजाइन को ऐसे तैयार किया है कि फोन को फोल्ड और अनफोल्ड करने पर मेटल की सतह लगातार बदलती हुई दिखाई दे।
Caviar ने Apple के फोल्डेबल फोन के डिजाइन को ध्यान में रखते हुए इसकी बॉडी पर फ्लूइड स्कल्प्चरल लाइन्स का इस्तेमाल किया है। इसके अलावा फोन पर स्टर्लिंग सिल्वर से बना 3D Apple लोगो भी दिया गया है। यह कोई सामान्य कस्टम एडिशन नहीं है। Caviar ने Liquid Metal iPhone Duo की सिर्फ 17 यूनिट बनाने की जानकारी दी है। कंपनी की वेबसाइट पर इसे लिमिटेड एडिशन के तौर पर लिस्ट किया गया है।
Caviar की वेबसाइट पर Liquid Metal iPhone Duo की कीमत स्टोरेज वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग है। 256GB मॉडल की कीमत $18,840, 512GB मॉडल $19,200, 1TB मॉडल $19,910 और 2TB मॉडल की कीमत $21,340 है। 2TB मॉडल की कीमत भारतीय रुपये में करीब ₹20 लाख से ज्यादा बैठती है। वहीं, Apple के सामान्य iPhone Duo की भारत में शुरुआती कीमत ₹2,99,900 है। इसका 256GB मॉडल इस कीमत में आता है, जबकि 2TB वेरिएंट की कीमत ₹4,49,900 तक जाती है।
Apple का iPhone Duo कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone है। इसमें बाहर की तरफ 5.4-इंच डिस्प्ले और फोन खोलने पर 7.6-इंच के करीब इंटरनल डिस्प्ले मिलता है। भारत में इसके 256GB से लेकर 2TB तक स्टोरेज वेरिएंट उपलब्ध होंगे। Liquid Metal एडिशन में फोन के बेस हार्डवेयर को बदलने के बजाय मुख्य तौर पर इसका बाहरी डिजाइन और मटेरियल कस्टमाइज किया गया है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।