Tata Motors ने 1 दिसंबर 2026 से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 0.5 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। इसमें इलेक्ट्रिक मॉडल भी शामिल हैं।
Tata Motors दिसंबर से अपनी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक कारों की कीमतें बढ़ाने जा रही है
Tata Motors की कारें और SUV खरीदने के लिए दिसंबर से ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। कंपनी ने अपने पूरे पोर्टफोलियो की कीमतों में 1 दिसंबर 2026 से 0.5 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी पेट्रोल-डीजल से चलने वाले (ICE) मॉडल्स के साथ इलेक्ट्रिक कारों पर भी लागू होगी। कंपनी ने कीमतें बढ़ाने की वजह इनपुट कॉस्ट में लगातार हो रही बढ़ोतरी को बताया है।
Tata Motors ने अभी तक नई कीमतों की पूरी जानकारी शेयर नहीं की है। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से होगी। यदि 0.5% बढ़ोतरी और मौजूदा कीमतों के आधार पर देखा जाए तो ग्राहकों को करीब 2,384 रुपये से लेकर 14,645 रुपये तक ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं। यह बढ़ोतरी कार के मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगी।
Tata Motors की ओर से 2026 में यह तीसरी बार कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। इससे पहले कंपनी जुलाई और सितंबर में भी अपने वाहनों की कीमतों में बदलाव कर चुकी है। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि कच्चे माल और दूसरी इनपुट लागत में बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लिया गया है। कंपनी के मुताबिक, वह लागत में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, लेकिन कुछ असर ग्राहकों पर भी डाला जाएगा।
Tata के पोर्टफोलियो में Tiago, Tigor, Altroz, Punch, Nexon, Curvv, Sierra, Harrier और Safari जैसी कारें शामिल हैं। इनके इलेक्ट्रिक वर्जन भी कंपनी बेचती है। ऐसे में दिसंबर से इन सभी मॉडल्स की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। नई कीमतें लागू होने से पहले कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के पास मौजूदा कीमतों पर खरीदारी करने का मौका है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।