OpenAI भारतीय रिसर्चर्स को 12 महीने के लिए फ्री ChatGPT Plus सब्सक्रिप्शन देने जा रहा है। हर ग्रांट के साथ तीन अकाउंट मिलेंगे। जानें कौन कर सकता है आवेदन और क्या हैं शर्तें।
OpenAI भारतीय रिसर्चर्स को एक साल के लिए मुफ्त ChatGPT Plus सब्सक्रिप्शन देगा
Photo Credit: OpenAI
OpenAI ने भारत में अपने ChatGPT for Academic Researchers प्रोग्राम का विस्तार किया है। इसके तहत चुनिंदा संस्थानों के योग्य रिसर्च फैकल्टी और पोस्टडॉक्टोरल रिसर्चर्स को 12 महीने के लिए फ्री ChatGPT Plus सब्सक्रिप्शन दिया जाएगा। खास बात यह है कि हर ग्रांट के साथ तीन ChatGPT Plus अकाउंट मिलेंगे, यानी रिसर्चर अपने दो सहयोगियों के साथ भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इस प्रोग्राम के लिए आवेदन 30 नवंबर से शुरू होंगे। OpenAI इस ग्लोबल राउंड में 50,000 नए ग्रांट देने की तैयारी कर रही है।
ChatGPT for Academic Researchers प्रोग्राम के तहत हर ग्रांट में तीन ChatGPT Plus अकाउंट शामिल होंगे। इनमें एक अकाउंट मुख्य आवेदक और बाकी दो उसके सहयोगियों के लिए होंगे। इस तरह एक रिसर्च टीम के तीन सदस्य 12 महीने तक बिना किसी सब्सक्रिप्शन फीस के ChatGPT Plus इस्तेमाल कर सकेंगे। यह सुविधा साइंस, मैथेमेटिक्स और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले योग्य रिसर्चर्स के लिए है।
OpenAI का यह प्रोग्राम रिसर्च से जुड़े कामों में AI की मदद उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया है। इसके जरिए रिसर्चर्स साइंटिफिक पेपर और स्टडी को पढ़ने और उनका रिव्यू करने, रिसर्च डेटा का एनालिसिस करने और कोड लिखने जैसे काम कर सकेंगे। इसके अलावा नई रिसर्च हाइपोथिसिस तैयार करने, उन्हें जांचने, ग्रांट एप्लिकेशन बनाने और रिसर्च पेपर तैयार करने में भी ChatGPT की मदद ली जा सकेगी। प्रोग्राम में रिसर्चर्स को ट्रेनिंग और हैंड्स-ऑन सपोर्ट भी दिया जाएगा।
OpenAI इस नए ग्लोबल राउंड में योग्य रिसर्चर्स को 50,000 नए ग्रांट देने वाली है। इनका चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। कंपनी का लक्ष्य दुनियाभर में 2 लाख तक रिसर्चर्स को फ्री ChatGPT एक्सेस उपलब्ध कराना है। इससे पहले जुलाई में शुरू हुए पायलट प्रोग्राम में 33 देशों के 20,000 रिसर्चर्स शामिल हुए थे।
प्रोग्राम में शामिल होने वाले रिसर्चर्स के डेटा और प्राइवेसी को लेकर भी OpenAI ने जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोग्राम के जरिए शेयर किए गए डेटा का इस्तेमाल डिफॉल्ट रूप से उसके AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा। इससे रिसर्चर्स को अपने एकेडमिक वर्क में ChatGPT का इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।