Apple ने हेल्थ से जुड़े सवालों के लिए नया AI रिसर्च ऐप लॉन्च किया है। कंपनी इस ऐप के जरिए 2 लाख लोगों पर स्टडी करेगी।
Photo Credit: Apple
Apple ने हेल्थ से जुड़े सवालों के लिए एक नया AI रिसर्च ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए कंपनी यह समझने की कोशिश करेगी कि लोग स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पाने के लिए AI चैटबॉट्स का इस्तेमाल कैसे करते हैं और उनके जवाबों पर कितना भरोसा करते हैं। इस रिसर्च के लिए Apple ने हेल्थकेयर AI कंपनी OpenEvidence के साथ पार्टनरशिप की है। यह ऐप फिलहाल अमेरिका में उपलब्ध कराया गया है और इसमें 2 लाख तक लोगों को शामिल करने की योजना है। खास बात है कि ऐप मेडिकल रिसर्च और जानी-मानी मेडिकल जर्नल्स के आधार पर यूजर्स के सवालों के जवाब देगा।
Apple का यह ऐप ChatGPT और Claude जैसे AI चैटबॉट्स की तरह काम करेगा। इसमें यूजर्स रोजमर्रा की सेहत से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। इन सवालों के जवाब OpenEvidence के AI प्लेटफॉर्म की मदद से तैयार होंगे। इसके लिए The New England Journal of Medicine, Journal of the American Medical Association (JAMA) और Nature जैसे मेडिकल पब्लिकेशन की जानकारी का इस्तेमाल किया जाएगा।
ऐप में जवाबों के साथ Peer-Reviewed Clinical Citations के लिंक भी दिए जाएंगे, ताकि यूजर्स यह देख सकें कि उन्हें मिली जानकारी किस मेडिकल रिसर्च पर आधारित है। यूजर्स जवाबों को रेट कर सकेंगे और उन पर अपना फीडबैक भी दे पाएंगे। इसके अलावा, उन्हें हर महीने सर्वे में हिस्सा लेने के लिए भी कहा जाएगा।
इस रिसर्च में हिस्सा लेने वाले यूजर्स चाहें तो Apple HealthKit का डेटा भी शेयर कर सकते हैं। इसमें हार्ट रेट, फिजिकल एक्टिविटी, स्लीप और लैब टेस्ट के रिजल्ट जैसी जानकारी शामिल है। इससे Apple यह समझना चाहता है कि पर्सनल हेल्थ डेटा मिलने पर AI के जवाब कितने ज्यादा उपयोगी और प्रासंगिक हो सकते हैं। ऐप डॉक्टर से मिलने की तैयारी करने में भी मदद कर सकता है।
Apple का यह रिसर्च प्रोग्राम फिलहाल अमेरिका में 21 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए है। इसमें हिस्सा लेने के लिए Apple Intelligence सपोर्ट वाला iPhone 15 या उससे नया मॉडल और iOS 26 या उससे नया सॉफ्टवेयर जरूरी है। कंपनी इस स्टडी को 12 महीने से ज्यादा समय तक चलाने की योजना बना रही है।
Apple के मुताबिक, इस रिसर्च में मिलने वाले डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा। यूजर्स के डेटा को सुरक्षित तरीके से प्रोसेस करने के लिए पहचान से जुड़ी जानकारी हटाई जाएगी। वहीं, OpenEvidence सवालों और उनके जवाबों से जुड़ा डेटा 24 घंटे के भीतर डिलीट कर देगा। ऐप में कुछ गंभीर स्वास्थ्य संबंधी सवालों के लिए सेफ्टी गार्डरेल्स भी दिए गए हैं, जो जरूरत पड़ने पर यूजर्स को डॉक्टर या हेल्थकेयर प्रोवाइडर से संपर्क करने की सलाह देंगे।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।