Xiaomi ने TV S Pro RGB-Mini LED 2027 सीरीज को चीन में लॉन्च किया है। Standard और Supreme Edition में 4K 180Hz डिस्प्ले, 5000 निट्स तक ब्राइटनेस और 98 इंच तक स्क्रीन मिलती है।
Xiaomi TV S Pro RGB-Mini LED 2027 सीरीज में 4K 180Hz डिस्प्ले मिलता है
Photo Credit: Xiaomi
Xiaomi ने अपने होम एंटरटेनमेंट पोर्टफोलियो में नया बड़ा अपडेट करते हुए TV S Pro RGB-Mini LED 2027 सीरीज को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस सीरीज में वेनिला मॉडल के साथ एक Supreme Edition भी पेश किया है, जो 65 इंच से लेकर 98 इंच तक के बड़े स्क्रीन साइज में आता है। खास बात यह है कि ये Xiaomi के पहले RGB-Mini LED TV हैं, जिनमें लाल, हरे और नीले रंग के लिए अलग-अलग LED लाइट सोर्स का इस्तेमाल किया गया है। स्टैंडर्ड मॉडल में 5000 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है, जबकि Supreme Edition इसे बढ़ाकर 5500 निट्स तक ले जाता है। दोनों में 4K 180Hz डिस्प्ले मिलता है, जबकि गेमिंग के लिए 360Hz तक का मोड भी दिया गया है।
Xiaomi TV S Pro RGB-Mini LED 2027 की चीन में शुरुआती कीमत 65 इंच मॉडल के लिए 5,999 युआन, यानी करीब ₹85,700 है। इसके 75 इंच मॉडल की कीमत 6,999 युआन यानी करीब ₹1 लाख, 85 इंच मॉडल की कीमत 8,799 युआन यानी करीब ₹1.26 लाख और सबसे बड़े 98 इंच मॉडल की कीमत 12,999 युआन यानी करीब ₹1.86 लाख है।
वहीं, Supreme Edition की कीमत 65 इंच के लिए 6,299 युआन यानी करीब ₹90,000, 75 इंच के लिए 7,299 युआन यानी करीब ₹1.04 लाख, 85 इंच के लिए 9,299 युआन यानी करीब ₹1.33 लाख और 98 इंच मॉडल के लिए 13,999 युआन यानी करीब ₹2 लाख है।
Xiaomi TV S Pro RGB-Mini LED 2027 सीरीज में पारंपरिक बैकलाइट सिस्टम की जगह अलग-अलग RGB लाइट सोर्स दिए गए हैं। कंपनी के मुताबिक इससे टीवी 100% BT.2020 कलर गैमट कवर कर सकता है और सिंगल-कलर सीन में करीब 30% तक पावर खपत कम हो सकती है। टीवी में अलग-अलग स्क्रीन साइज के हिसाब से 2,160 से लेकर 4,860 कंट्रोल जोन दिए गए हैं।
Standard मॉडल की पीक ब्राइटनेस 5000 निट्स है, जबकि Supreme Edition में इसे बढ़ाकर 5500 निट्स कर दिया गया है। Supreme Edition में 0.5% लो-रिफ्लेक्शन कोटिंग भी दी गई है, जिससे तेज रोशनी वाले कमरे में स्क्रीन पर पड़ने वाली चमक कम हो सकती है।
दोनों वेरिएंट में 4K रिजॉल्यूशन और 180Hz का नेटिव रिफ्रेश रेट मिलता है। गेमिंग के लिए खास Competitive Mode दिया गया है, जिसमें रिफ्रेश रेट 360Hz तक पहुंच सकता है। इसके अलावा VRR और AMD FreeSync Premium Pro का सपोर्ट भी मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए चार HDMI 2.1 पोर्ट दिए गए हैं, जिनमें से एक eARC सपोर्ट करता है। टीवी में Wi-Fi 6 और Ethernet भी मौजूद हैं।
दोनों वेरिएंट के बीच सबसे बड़े अपग्रेड में से एक ऑडियो सिस्टम है। स्टैंडर्ड मॉडल में 130W का 2.1.2-चैनल स्पीकर सिस्टम मिलता है, जिसे Harman ने ट्यून किया है। वहीं Supreme Edition में कंपनी ने इसे बढ़ाकर 170W का 4.1.2-चैनल सिस्टम कर दिया है। इसमें अलग लेफ्ट और राइट सराउंड चैनल के साथ ऊपर की ओर फायर करने वाले स्पीकर और सबवूफर शामिल हैं। इसमें Dolby Atmos का सपोर्ट भी दिया गया है।
TV में क्वाड-कोर Cortex-A73 प्रोसेसर के साथ 4GB RAM और 64GB स्टोरेज दिया गया है। दोनों वेरिएंट HyperOS 4 पर चलते हैं। इनमें मिलीमीटर-वेव रडार भी दिया गया है, जो दर्शक की बैठने की स्थिति को पहचानकर पिक्चर और ऑडियो को उसके हिसाब से एडजस्ट कर सकता है। इसके अलावा Bluetooth रिमोट USB-C से चार्ज होता है और इसमें NFC के जरिए कास्टिंग का सपोर्ट मिलता है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।