Montra Electric ने अपने Super Auto का नया वेरिएंट लॉन्च किया है। इसमें 10.6kWh बैटरी, 180Km से ज्यादा की रियल-वर्ल्ड रेंज और Hill-Hold Assist जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Montra Electric Super Auto के नए वेरिएंट में 180Km से ज्यादा रेंज का दावा
Photo Credit: Montra
इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने की तैयारी कर रहे ड्राइवरों के लिए Montra Electric ने अपने Super Auto का नया वेरिएंट लॉन्च किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹3.97 लाख रखी गई है। कंपनी ने इस बार ऑटो में ड्राइवरों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई नए फीचर्स जोड़े हैं। इसमें Hill-Hold Assist, Regenerative Braking और Reverse-Park Assist जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा 10.6kWh बैटरी पैक के साथ यह एक बार फुल चार्ज होने पर 180 किलोमीटर से ज्यादा चल सकता है।
इस इलेक्ट्रिक ऑटो में 10kW की Permanent Magnet मोटर दी गई है, जो 60Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी के मुताबिक, इसकी Gradeability 32 फीसदी है। यानी यह चढ़ाई वाले रास्तों पर भी बेहतर तरीके से चलने में सक्षम होगा। इसमें Eco, Drive और Power नाम से तीन ड्राइविंग मोड मिलते हैं, जिन्हें ड्राइवर अपनी जरूरत और रास्ते के हिसाब से चुन सकते हैं। ऑटो के साथ 40A का ऑफ-बोर्ड चार्जर दिया जाता है। इससे बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 5 घंटे 30 मिनट लगते हैं।
नए वेरिएंट में ड्राइवर की सुविधा के लिए Hill-Hold Assist दिया गया है, जो ढलान पर वाहन को पीछे की तरफ लुढ़कने से रोकने में मदद करता है। इसके अलावा Regenerative Braking, Reverse और Park Assist भी मिलते हैं। बेहतर रोशनी के लिए LED लाइटिंग और केबिन में इल्यूमिनेशन दिया गया है। सस्पेंशन के लिए इसमें Double-Fork Coil-Spring फ्रंट सेटअप के साथ Hydraulic Shock Absorbers मिलते हैं। ऑटो में 120/80 R12 रेडियल ट्यूबलेस टायर लगाए गए हैं।
सामान रखने के लिए पीछे की तरफ लगेज कंपार्टमेंट दिया गया है, जिसमें खुलने वाला टेलगेट भी मिलता है। कनेक्टेड फीचर्स के लिए इसमें One Montra प्लेटफॉर्म का सपोर्ट है। कंपनी इस नए वेरिएंट को पांच कलर ऑप्शन में पेश करेगी। Montra Electric के मुताबिक, देशभर में उसका सेल्स, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स नेटवर्क 100 से ज्यादा आउटलेट तक पहुंच चुका है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।