Vivo X Fold 6 भारत में लॉन्च हो गया है। फोन में 8.02 इंच का 2K+ फोल्डेबल डिस्प्ले, 200MP कैमरा, Dimensity 9500 Super Edition चिपसेट और 6,900mAh बैटरी मिलती है।
Vivo X Fold 6 की भारत में कीमत 2,19,999 रुपये रखी गई है
Photo Credit: Vivo
Vivo ने आज भारत में अपना नया फोल्डेबल स्मार्टफोन Vivo X Fold 6 आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस फोन को ग्लोबल मार्केट में पेश करने के बाद अब भारतीय बाजार में भी उतार दिया है। Vivo के इस फोल्डेबल फोन में 2K+ फोल्डेबल डिस्प्ले, फ्लैगशिप MediaTek चिपसेट, 200MP कैमरा और बड़ी 6,900mAh बैटरी दी गई है। इसके अलावा बड़ी स्क्रीन का फायदा उठाने के लिए फोन में AI और मल्टीटास्किंग से जुड़े कई फीचर्स भी मिलते हैं।
Vivo X Fold 6 को खोलने पर अंदर की तरफ 8.02 इंच का 2K+ LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसका रिजॉल्यूशन 2504×2312 पिक्सल है। वहीं फोन को बंद रखने पर बाहर की तरफ 6.51 इंच की LTPO AMOLED कवर स्क्रीन मिलती है, जिसका रिजॉल्यूशन 2528×1120 पिक्सल है। दोनों स्क्रीन में 1Hz से 120Hz तक का Adaptive Refresh Rate दिया गया है। इसके अलावा Dolby Vision और 5,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस भी मिलती है।
परफॉर्मेंस के लिए Vivo X Fold 6 में 3nm MediaTek Dimensity 9500 Super Edition चिपसेट दिया गया है। फोन में 16GB तक LPDDR5X RAM और 1TB तक UFS 4.1 स्टोरेज का ऑप्शन मिलता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह OriginOS 7 Fold पर आधारित Android 17 पर चलता है। फोल्डेबल स्क्रीन का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए इसमें Multi-Task Workbench, Multi-Split Screen और AI Cross-App Drag जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इनकी मदद से यूजर एक ही समय पर अलग-अलग ऐप्स के साथ काम कर सकता है।
कैमरा इस फोन की बड़ी खूबियों में शामिल है। Vivo X Fold 6 में 200MP का मुख्य कैमरा दिया गया है, जो OIS और ZEISS T* Coating के साथ आता है। इसके साथ 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50MP का 3x पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए अंदर और बाहर दोनों स्क्रीन पर 20MP के कैमरे दिए गए हैं। फोन से 4K 60fps Dolby Vision वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। इसके अलावा इसमें 100x ZEISS HyperZoom का भी सपोर्ट मिलता है।
Vivo X Fold 6 में 6,900mAh की BlueVolt बैटरी दी गई है। इसे 80W FlashCharge वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। कंपनी ने बैटरी में 5th-Gen Silicon Anode Technology और 3rd-Gen Semi-Solid-State Battery Technology का इस्तेमाल किया है। फोल्डेबल फोन होने के बावजूद इतनी बड़ी बैटरी देना इसकी खासियतों में से एक है।
Vivo ने X Fold 6 के डिजाइन पर भी खास ध्यान दिया है। Prism Black वेरिएंट को खोलने पर फोन की मोटाई करीब 4.4mm और वजन 228 ग्राम है। वहीं दूसरा वेरिएंट 4.8mm मोटा और 235 ग्राम वजन का है। फोन को पानी और धूल से बचाव के लिए IPX8, IPX9 और IP5X रेटिंग मिली है। यानी फोल्डेबल डिजाइन के बावजूद फोन को मजबूती और सुरक्षा के लिहाज से भी तैयार किया गया है।
Vivo X Fold 6 को आज भारत में 2,19,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है, जिसमें बेस 12GB + 512GB वेरिएंट मिलता है। इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और बिक्री 13 अक्टूबर से शुरू होगी। कुछ शुरुआती ऑफर्स भी हैं, जिसके तहत चुनिंदा बैंक कार्ड से पेमेंट करने पर 26,400 रुपये रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट मिलेगा। इसके अलावा, No Cost EMI, Exchange Bonus जैसे एडिशनल बेनिफिटिस् भी हैं। फोन को Nebula Teal और Prism Black कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।