OnePlus Buds Clip ओपन-ईयर डिजाइन वाले वायरलेस ईयरबड्स हैं, जिन्हें कान के अंदर डालने के बजाय बाहर क्लिप की तरह पहना जाता है। इनमें Dynaudio ट्यूनिंग, डुअल ड्राइवर, AI फीचर्स और चार्जिंग केस के साथ 40 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है।
OnePlus Buds Clip में क्लिप-ऑन डिजाइन, Dynaudio साउंड और चार्जिंग केस के साथ 40 घंटे की बैटरी लाइफ मिलती है
Photo Credit: OnePlus
OnePlus ने अपने नए वायरलेस ईयरबड्स OnePlus Buds Clip को ग्लोबल मार्केट में पेश किया है। ये कंपनी के पहले Clip-On ओपन-ईयर ईयरबड्स हैं, जिन्हें कान के अंदर डालने के बजाय कान के बाहरी हिस्से पर क्लिप की तरह पहना जाता है। इनमें Dynaudio ट्यूनिंग के साथ डुअल ड्राइवर, AI बेस्ड कॉलिंग फीचर्स और 40 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है। खास बात यह है कि इन ईयरबड्स को किसी भी कान में पहना जा सकता है। इनमें मौजूद सेंसर अपने आप पहचान लेते हैं कि ईयरबड बाएं कान में है या दाएं कान में।
OnePlus Buds Clip में C-शेप का ओपन-ईयर डिजाइन दिया गया है। इसमें फ्लेक्सिबल Nickel-Titanium मेमोरी अलॉय ब्रिज मिलता है, जो कान के बाहरी हिस्से पर फिट होता है। प्रत्येक ईयरबड का वजन करीब 5.2 ग्राम है। इसे TÜV Rheinland Comfortable Fit सर्टिफिकेशन भी मिला है। पारंपरिक इन-ईयर ईयरबड्स की तरह ये कान के अंदर फिट नहीं होते। इस वजह से यूजर म्यूजिक सुनते हुए आसपास की आवाजें भी सुन सकते हैं। यह डिजाइन उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो वॉकिंग, ऑफिस या रोजमर्रा के काम के दौरान ईयरबड्स इस्तेमाल करते हैं।
ऑडियो के लिए OnePlus Buds Clip में 11mm का वूफर और 9mm का ट्वीटर दिया गया है। दोनों ड्राइवर को अलग-अलग DAC के साथ इस्तेमाल किया गया है और इनकी साउंड ट्यूनिंग Dynaudio ने की है। ईयरबड्स में LHDC हाई-रिजॉल्यूशन ऑडियो कोडेक का सपोर्ट भी मिलता है। ओपन-ईयर डिजाइन में अक्सर आवाज बाहर निकलने की समस्या होती है। इसे कम करने के लिए कंपनी ने Dipole Sound-Field टेक्नोलॉजी दी है। यह रिवर्स साउंड वेव्स की मदद से ऑडियो लीकेज कम करने के लिए डिजाइन की गई है। हालांकि, इसका वास्तविक असर वॉल्यूम और आसपास के माहौल पर निर्भर करेगा।
OnePlus Buds Clip में 6nm का AI ऑडियो चिप दिया गया है। कॉलिंग के दौरान यह छह माइक्रोफोन से मिलने वाले ऑडियो को प्रोसेस करने में मदद करता है। इसमें बोन-कंडक्शन वॉयस पिकअप टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिसका उद्देश्य यूजर की आवाज को बैकग्राउंड नॉइज से अलग करना है।
इनमें AI Translate फीचर भी मिलता है, जो कम्पैटिबल OnePlus स्मार्टफोन के साथ काम करता है। इसके अलावा, यूजर दो डिवाइस को एक साथ कनेक्ट कर सकते हैं। ईयरबड्स में Google Fast Pair, Windows Swift Pair और वॉल्यूम कंट्रोल के लिए स्वाइप जेस्चर भी दिए गए हैं। अगर ईयरबड कान से निकलकर गिरता है, तो Drop Monitor फीचर इसकी जानकारी देने में मदद कर सकता है।
बैटरी की बात करें तो OnePlus Buds Clip एक बार चार्ज करने पर 9.5 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक दे सकते हैं। चार्जिंग केस के साथ कुल बैटरी लाइफ 40 घंटे तक बताई गई है। हालांकि, LHDC कोडेक इस्तेमाल करने पर ईयरबड्स की बैटरी लाइफ करीब 8 घंटे और केस के साथ कुल 36 घंटे तक रह जाती है।
ईयरबड्स में IP55 रेटिंग दी गई है, जो धूल और पानी से सुरक्षा प्रदान करती है। कनेक्टिविटी के लिए Bluetooth 6.1 मिलता है। इन्हें Pearl White, Pebble Gray और Twilight Rose कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। फिलहाल OnePlus ने Buds Clip की कीमत, बिक्री की तारीख और भारत में उपलब्धता की जानकारी नहीं दी है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।