सरकार ने 137 कैंसर की दवाओं की कीमतों को संशोधित किया, जिसकी जानकारी Pharma Sahi Daam ऐप पर मिल सकती है।
Pharma Sahi Daam ऐप पर दवा की कीमत की सही जानकारी पा सकते हैं।
Photo Credit: Pexels/Pharma Sahi Daam
भारत सरकार ने देश में कैंसर की 137 दवाओं के नए दाम तय कर दिए हैं, जिनसे दवाओं की कीमतों में 96.45% तक कटौती हुई। अब अगर आप मेडिकल स्टोर या हॉस्पिटल से दवा खरीदने जा रहे हैं तो कीमतों को एक बार फिर चेक जरूर करें। सरकार द्वारा पेश किया गया Pharma Sahi Daam ऐप और पोर्टल इसमें आपकी मदद कर सकते हैं। इस ऐप के जरिए आप आसानी से कैंसर की दवाओं के नए दाम चेक कर सकते हैं। आइए इसके बारे में डिटेल से जानते हैं।
नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) का कहना है कि 137 नॉन शेड्यूल एंटी कैंसर मेडिसिन पर ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (TMR) लागू हो गया है, जिसके सख्ती से मॉनिटर किया जाएगा। 9 नवंबर से इन दवाओं की घटी हुई कीमतें सभी जगह प्रभावी हो गई हैं। NPPA की वेबसाइट और Pharma Sahi Daam ऐप/पोर्टल पर दवाओं की नई कीमतों की जानकारी उपलब्ध है। सभी निर्माताओं, रिटेल विक्रेताओं, डीलर, हॉस्पिटल और मेडिकल इंस्टीट्यूट को निर्देश दिया गया है कि वे इन नई कीमतों पर दवाओं को सेल करें और अपने स्टोर के साथ-साथ वेबसाइट पर अपडेटेड कीमतों सही से जानकारी दें।
महंगी मिली दवा तो शिकायत करें
स्टेट ड्रग कंट्रोलर्स (SDC) दवा निर्माताओं, डीलर, हॉस्पिटल और मेडिकल इंस्टीट्यूट को सख्ती से मॉनिटर करेगा कि इन नियमों का पालन ठीक से हो रही है या नहीं, जिससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि कम MRP का लाभ मरीजों तक पहुंचे। अगर कोई दवा को पहले जैसे दामों पर बेचता है तो DPCO, 2013 के प्रावधानों के तहत ज्यादा कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है। अगर कोई दवा को महंगा बेचता है, उनकी कमी होती या उपलब्धता नहीं होती है तो इसके लिए आप Pharma Sahi Daam ऐप और पोर्टल पर जाकर सही कीमतों की जांच कर सकते हैं और NPPA हेल्पलाइन या ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
मरीजों को मिले लाभ
केंद्र सरकार ने कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली 137 नॉन शेड्यूल दवाओं के ट्रेड मार्जिन पर 30% की लिमिट तय की गई है। सरकार चाहती है कि इन दवाओं को खरीदने वाले मरीजों को कम भुगतान करना पड़े। NPPA ने 17 अक्टूबर को एक आदेश जारी कर इन दवाओं को ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (TMR) सिस्टम के अंदर ला दिया है। इसके तहत इन मेडिसिन की बिक्री पर होने वाले फायदे को 30 प्रतिशत तक सीमित किया गया है। 9 नवंबर तक 85 मेडिसिन कंपनियों ने 137 में से 121 दवाओं के लिए नई एमआरपी की जानकारी दी है जो कि 1,366 स्टॉक कीपिंग यूनिट्स पर लागू होती है।
दवा की कीमतों में 96.45 प्रतिशत तक आई कमी
इस बदलाव के बाद दवाओं की कीमतों में सबसे ज्यादा 96.45 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई। जबकि 650 से ज्यादा फॉर्मूलेशन की एमआरपी में 50 प्रतिशत से ज्यादा कमी आई है। कीमतों में सबसे ज्यादा कटौती 50-75 प्रतिशत की रेंज में देखने को मिली है। सरकार को अनुमान है कि इस कदम से कैंसर मरीजों को कुल 3,541 करोड़ की बचत हो सकती है। इस बचत को पुरानी और नई कीमतों की तुलना करके और अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हुई बिक्री की मात्रा पर इस अंतर को लागू करके निकाला गया है। 30% की यह लिमिट पूरी मेडिसिन सप्लाई चेन पर लागू होती है, जिसमें रिटेल स्टोर और हॉस्पिटल की फार्मेसी भी शामिल हैं। सरकार द्वारा कीमतों में बदलाव की गई दवाओं में टैबलेट या इंजेक्शन से लेकर अलग से बेची जाने वाले या कॉम्बिनेशन आदि पर लागू है।
लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।
साजन चौहान Gadgets 360 में सीनियर सब ...और भी